सोनीपत। जिले में जिस तेजी से कोरोना पॉजिटिव बढ़ रहे हैं, उससे अब 10 दिन में केस दोगुने होने लगे हैं। इस तरह स्वास्थ्य विभाग का अनुमान है कि 27 जून तक यहां 700 तक कोरोना पॉजिटिव बढ़ जाएंगे। इनमें 70 प्रतिशत कोरोना पॉजिटिव ऐसे भी मिल रहे हैं, जिनमें कोई लक्षण नहीं हैं और उनकी जांच केवल कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आने के अलावा ट्रेवल हिस्ट्री बाहर की होने के कारण कराई जा रही है। उसमें वह कोरोना पॉजिटिव मिल रहे हैं और इस कारण ही वह रिकवर भी जल्दी कर रहे हैं। जिले के लिए यह राहत वाली बात है कि यहां मरने वाले केवल 1.3 प्रतिशत हैं। हालांकि जिस तरह से कोरोना पॉजिटिव बढ़ने का अनुमान लगाया जा रहा है, उसको देखते हुए व्यवस्थाएं बेहतर करने में लगे हुए हैं।
जिले में इस समय 700 से ज्यादा कोरोना पॉजिटिव हैं और यहां लगातार तेजी से कोरोना पॉजिटिव बढ़ रहे हैं। सीएमओ डॉ. बीके राजौरा के अनुसार जिले में इस समय कोरोना के मरीज 10 दिन में दोगुने हो रहे हैं और इसको देखते हुए एक अनुमान लगाया जा रहा है कि 27 जून तक यहां लगभग 700 केस बढ़ जाएंगे। सीएमओ के अनुसार इसको देखते हुए ही व्यवस्थाएं बेहतर की जा रही हैं और कोविड केयर सेंटर बढ़ाए जा रहे हैं तो होम आइसोलेशन ज्यादा किया जाएगा। इसका सबसे बड़ा कारण वह मानते है कि यहां 70 प्रतिशत मरीजों में लक्षण नहीं है और बिना लक्षण वाले मरीजों को होम आइसोलेट करने में कोई परेशानी नहीं है। सीएमओ ने बताया कि जिले में अभी तक 14 हजार से ज्यादा जांच हुई है और उसके आधार पर लगभग 8 प्रतिशत पॉजिटिव मिल रहे हैं। जिले में जांच अधिक से अधिक कराई जाए, उसके लिए ही अब तीन टीमों को बढ़ाया गया है और अब 6 की जगह 9 टीम हो गई हैं। यहां अभी तक 11 ऐसे केस मिले हैं, जिनके कोरोना संक्रमित होने का पता नहीं लग सका है। इस कारण ही उनके संक्रमण को ट्रेस करने के लिए पुलिस का सहारा भी लिया जा रहा है। सीएमओ डॉ. बीके राजौरा का कहना है कि लोगों को एहतियात बरतनी चाहिए और वह जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकले। इसके अलावा मास्क व सैनिटाइजर का इस्तेमाल करें। इस तरह कोरोना से बचा जा सकता है।