सोनीपत। जिले में कोरोना पॉजीटिव लगातार बढ़ते जा रहे है। यहां मंगलवार को 19 कोरोना पॉजीटिव मिले है, जिनमें रक्षा मंत्रालय की कर्मी व जेल भेजा गया आरोपी भी शामिल है। इनमें एक ही परिवार के कई लोग भी शामिल है तो खेड़ी गुज्जर में सबसे ज्यादा 9 कोरोना पॉजीटिव मिले है। एक कोरोना पॉजीटिव खेवड़ा गांव में मिला है जो मूलरूप से यूपी के बागपत का रहने वाला है और इस कारण ही उसे यूपी में जोड़ा जाएगा। इन सभी को मेडिकल कॉलेज खानपुर कलां भर्ती कराया गया है तो इनके परिवार के लोगों व संपर्क वालों के सैंपल कराए जा रहे हैं। जिले में कोरोना पॉजिटिव 252 हो गए है, जिनमें से 158 मरीज ठीक हो गए हैं और 92 का उपचार चल रहा है।
डीसी श्यामलाल पूनिया ने बताया कि खेड़ी गुज्जर में 28 वर्षीय महिला कोरोना पॉजिटिव मिली है तो 60 वर्षीय बुजुर्ग भी संक्रमित मिला है। इनके संक्रमित होने का पता लगाया जा रहा है। खेड़ी गुज्जर का 26 वर्षीय युवक भी कोरोना पॉजिटिव मिला है, जिसके पिता दिल्ली पुलिस में कार्यरत है। गांव का एक अन्य 26 वर्षीय युवक भी कोरोना संक्रमित मिला है जो मोबाइल सेल्समैन का काम करता है और अन्य कोरोना संक्रमित के संपर्क में आया है। गांव का एक अन्य 60 वर्षीय बुुजुर्ग भी कोरोना पॉजिटिव मिला है जो सोनीपत में प्रोपर्टी डीलर का काम करता है और इसकी दिल्ली की ट्रेवलिंग हिस्ट्री रही है। इस गांव में 55 वर्षीय व्यक्ति भी कोरोना संक्रमित मिला हैं तो गांव का 50 वर्षीय व्यक्ति भी कोरोना पॉजिटिव मिला है जो पहले से कोरोना पॉजिटिव मरीज के संपर्क में आए है। इस गांव का एक 25 वर्षीय युवक भी कोरोना संक्रमित मिला है जो दिल्ली स्थित ट्रेड टैक्स डिपार्टमेंट में जूनियर असिस्टेंट के रूप में कार्यरत है। इनके अलावा गांव में 41 वर्षीय व्यक्ति भी कोरोना संक्रमित मिला है जो आजादपुर मंडी दिल्ली में मुनीम है। इनके अलावा कथूरा गांव का 36 वर्षीय युवक भी कोरोना संक्रमित मिला है जो बीएसएफ का जवान है और कोरोना संक्रमित के संपर्क में आया है। सोनीपत की राजीव कॉलोनी की गली नंबर-2 में 46 वर्षीय महिला व उसके दो बेटों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिली है जो कोरोना संक्रमित के संपर्क में आए है। प्याऊ मनियारी में 21 वर्षीय युवती कोरोना संक्रमित मिली है। गांव रायपुर में 27 वर्षीय युवक कोरोना पॉजिटिव मिला है, जिसकी ट्रेवलिंग हिस्ट्री दिल्ली की है। इसे पुलिस ने चेक बाउंस मामले में गिरफ्तार करके जेल भेजा था। इस कारण ही सिटी थाना के चार पुलिस कर्मियों को क्वारंटीन किया गया है। राठधना गांव में 30 वर्षीय युवक की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिली है जो नरेला में मेडिकल स्टोर चलाता है। इनके अलावा शास्त्री कॉलोनी सोनीपत में भाई-बहन कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। कालोनी की गली नंबर-4 में रहने वाली 30 वर्षीय युवती रक्षा मंत्रालय दिल्ली में कार्यरत हैं तो उसका भाई टोयोटा कंपनी दिल्ली में कार्यरत है। इनके अलावा खेवड़ा में रहने वाला यूपी के बागपत का युवक भी कोरोना पॉजिटिव मिला है, लेकिन उसे मूलरूप से यूपी का होने के कारण वहां के रिकार्ड में गिना जाएगा। इस तरह से जिले में कोरोना पॉजिटिव 252 हो गए है, जिनमें से 158 ठीक होकर घर जा चुके है तो 92 का उपचार चल रहा है।
--
नए कंटेनमेंट जोन बनाए गए
डीसी श्यामलाल पूनिया ने गांव पबसरा, जवाहर नगर सोनीपत, मॉडल टाउन सोनीपत, जाखौली गांव, शिव मंदिर बहालगढ़, अशोक विहार सोनीपत, कुंडली गांव, छोटूराम चौक सोनीपत, सबोली गांव, नाथूपुर गांव, मटिंडू गांव, पटेल नगर सोनीपत, राई गांव, शिव कालोनी सोनीपत, मयूर विहार सोनीपत, तारा नगर सोनीपत, गढ़ी उजाले खां, खेड़ी गुज्जर, भीम नगर सारंग रोड सोनीपत, राजीव कालोनी सोनीपत, फिरोजपुर बांगर और बड़वासनी को कंटेनमेंट जोन में शामिल किया है। कंटेनमेंट जोन में किसी भी व्यक्ति के आने-जाने पर प्रतिबंध लगाया है। इन क्षेत्रों में नियमित रूप से बिजली आपूर्ति व जल आपूर्ति के निर्देश भी दिए हैं तो यहां डोर-टू-डोर जांच कराई जाएगी।
--
तीस कंटेनमेंट जोन खत्म किए गए
डीसी श्यामलाल पूनिया ने जिले में तीस कंटेनमेंट जोन खत्म कर दिए हैं। इन जगहों पर नए केस नहीं मिले हैं, इस कारण उनको कंटेनमेंट जोन रखने की जरूरत नहीं है। इनमें गांव खुबडू, अहमदपुर दीवान फार्म, गांव जठेड़ी, गढ़ मिरकपुर, खांडा, विकास नगर सोनीपत, सुंदर सांवरी जटवाड़ा, वाल्मीकि बस्ती गोहाना, नरेंद्र नगर सोनीपत, खेवड़ा, बैंयापुर, कुमासपुर, देवडू, बिलंदपुर, सेक्टर 23, वेस्टराम नगर, रूप नगर, विकास नगर, छोटी गढ़ी, राजलू गढ़ी, जनता कालोनी, आदर्श नगर, जीवन विहार, शिव कालोनी गोहाना, ग्यासपुर, पबनेरा, रामनगर गांव, बेगा, सनसाइन सिटी, खानपुर कलां, रोलद गांव शामिल हैं।
अंकित चौहान