एंबुलेंस में कोरोना पॉजीटिव के संपर्क में आने वालों को जांच के लिए लेकर जाते स्वास्थ्य कर्मी
- फोटो : Sonipat
सोनीपत। जिले में कोरोना पॉजिटिव मिलने का सिलसिला लगातार जारी है। यहां शनिवार को दिल्ली पुलिस का एसआई कोरोना पॉजिटिव मिला है जो ओल्ड हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी का रहने वाला है। इस तरह जिले में 154 कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। वहीं जिले में शनिवार को 10 मरीज ठीक होकर घर लौटे, जिससे 117 मरीज रिकवरी कर चुके हैं। इस तरह अब केवल 36 मरीज रह गए है, जिनका उपचार चल रहा है।
जिले में शनिवार को कोरोना पॉजिटिव का एक मामला सामने आया है। ओल्ड हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी का युवक दिल्ली पुलिस में एसआई है। उसका 21 मई को सैंपल लिया गया था, जिसकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिली है। उसके ड्यूटी के दौरान दिल्ली में संक्रमित होने की बात कही जा रही है। उसके संपर्क में आने वाले तीन लोगों के सैंपल जांच को लिए गए हैं। इस तरह जिले में 154 कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं, जिनमें से अधिकतर ठीक हो रहे हैं। इनमें से 117 मरीज ठीक हो चुके हैं, क्योंकि शनिवार को 10 अन्य मरीज ठीक होकर घर लौटे। इस तरह जिले में अब केवल 34 मरीज रह गए हैं, जिनका सामान्य हालत में उपचार चल रहा है।
कंटेनमेंट व बफर जोन घोषित किए
डीसी श्यामलाल पूनिया ने सीएमओ से मिली रिपोर्ट के अनुसार जिला में चार नए कंटेनमेंट जोन घोषित किए हैं। गांव सनपेड़ा की एचडीएफसी बैंक वाली गली के अलावा फौजी सदन गांव सेवली, सेवाधाम कॉलोनी देवडू रोड सोनीपत व ओल्ड हाऊसिंग बोर्ड कॉलोनी के एक मकान को कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। इनके आसपास की जगह को बफर जोन में रखा गया है। इस तरह से चार नए कंटेनमेंट जोन बढ़ गए है, लेकिन अब गनीमत यह है कि कंटेनमेंट जोन काफी छोटे बनाए जा रहे हैं। इस कारण किसी गतिविधि पर ज्यादा असर नहीं पड़ रहा है।