खरखौदा में पकड़े गए होम क्वारंटीन तोड़कर झुंझनू से भागे युवक से पूछताछ करती पुलिस।
- फोटो : Sonipat
खरखौदा (सोनीपत)। राजस्थान के झुंझुनू में होम क्वारंटीन तोड़कर भागे युवक को खरखौदा में पुलिस ने पकड़ा लिया। पुलिस व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वीरवार सुबह पैदल आ रहे युवक को पकड़कर पूछताछ की तो पूरे मामले की जानकारी मिली। पकड़ा गया युवक कांधला, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और झुंझुनू से फरार होने के बाद रेवाड़ी में पकड़े जाने पर दोबारा भाग निकला था।
कांधला, उत्तर प्रदेश निवासी नदीम ने बताया कि वह राजस्थान के झुंझुनू में सैलून पर काम करता है और उसे वहां पर कोरोना टेस्ट में निगेटिव पाए जाने पर 20 अप्रैल को 14 दिन के लिए होम क्वारंटीन किया गया था। लेकिन वह वहां से भाग आया। रास्ते में उसे रेवाड़ी में भी पुलिस व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पकड़ा था। लेकिन जब उसे हॉस्पिटल में जांच के लिए ले जाया गया तो वह वहां से भी निकलने में कामयाब रहा। लेकिन खरखौदा पहुंचने पर फिर से पकड़ा गया। नदीम को पकड़ने के बाद मामले से डीसी डॉ. अंशज सिंह को अवगत करवाया और डीसी के आदेश के बाद उसे वापस रेवाड़ी भिजवाया गया।