सोनीपत। शहर में आइसक्रीम की दुकान पर काम करने वाले बिहार के व्यक्ति की मौत बीमारी से हुई थी। कोरोना संक्रमण के लक्षण मिलने के बाद शनिवार को उसके शव का पोस्टमार्टम करने से पहले कोरोना टेस्ट कराया गया था। अब उसकी रिपोर्ट नेगेटिव आई है। जिसके बाद उसके शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
बिहार का रहने वाला जलालुद्दीन अपने साथियों के साथ सोनीपत में आइसक्रीम बनाने और बेचने का काम करता था। वह हर वर्ष मार्च माह में आ जाते हैं और नवंबर तक यहां पर कार्य करते हैं। जलालुद्दीन कई साल से गीता भवन स्थित एक दुकान पर आइसक्रीम का कार्य करता था। वह 15 मार्च को बिहार से यहां पर आया था। इसी दौरान लॉकडाउन हो गया। दुकान मालिक ने उसको अन्य कर्मचारियों के साथ शहर के चार मरला स्थित एक मकान में रुकवाया था। वहां पर जलालुद्दीन 10 अप्रैल को बीमार हो गया था। उसको खांसी-बुखार था और पेट में दर्द की शिकायत थी। पुलिस के अनुसार 18 अप्रैल को उसकी मौत हो गई थी। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को दी थी। कोरोना संक्रमण के लक्षण होने के चलते जलालुद्दीन के शव को सामान्य अस्पताल में रखवाया गया था। उसके शव का कोरोना टेस्ट कराया गया। जिस रिपोर्ट अब नेगेटिव आई है। रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद उसका शव पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया।
---
बिहार के रहने वाले व्यक्ति की मौत के बाद उसमें कोरोना संक्रमण के लक्षण मिलने पर टेस्ट कराया गया था। टेस्ट रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
-दर्पण सिंह, थाना प्रभारी, सिविल लाइन सोनीपत।