सोनीपत। जिले में कोरोना पॉजिटिव केस मिलने का सिलसिला लगातार जारी है। जिला पार्षद की पुत्रवधू नर्सिंग ऑफिसर के अलावा गुड़मंडी में मां-बेटा व एक युवक कोरोना संक्रमित मिले हैं। सरस्वती विहार में रहने वाली जिला पार्षद की पुत्रवधू दिल्ली के एक अस्पताल में नर्सिंग ऑफिसर है, जिसके वहां से संक्रमित होने की बात कही जा रही है। वहीं गुड़मंडी में रहने वाला युवक भी मां-बेटे के पारिवारिक रिश्ते में लगता है और यह सभी कुछ दिन पहले मुरादाबाद से वापस आए थे। वहां किसी जमाती के संपर्क में आने के कारण संक्रमित होने की बात कही जा रही है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग इसकी पुष्टि के लिए जांच कर रहा है। इन सभी के परिजनों को क्वारंटीन कर दिया गया है तो सरस्वती विहार व गुड़मंडी के क्षेत्र को सील कर दिया गया है।
सरस्वती विहार में रहने वाली जिला पार्षद की पुत्रवधू दिल्ली के बाबू जगजीवन राम अस्पताल में नर्सिंग ऑफिसर है। नर्सिंग ऑफिसर को तीन दिन पहले स्वास्थ्य विभाग की टीम लेेकर आई थी और उनको आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करके सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। नर्सिंग ऑफिसर की बुधवार को कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। जिसको खानपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। इसके तुरंत बाद ही नर्सिंग ऑफिसर के पति, जिला पार्षद सास, ससुर को क्वारंटीन कर लिया गया और उनकी भी जांच कराई जाएगी। इसके अलावा उन सभी का पता लगाया जा रहा है, जिनके संपर्क में नर्सिंग ऑफिसर आई थी। सीएमओ डॉ. बीके राजौरा के अनुसार नर्सिंग ऑफिसर ड्यूटी के दौरान किसी कोरोना संक्रमित के संपर्क में आई और वह खुद भी संक्रमित हो गई।
मुरादाबाद से आए मां-बेटा व पारिवारिक पड़ोसी युवक के जमातियों से संपर्क की जांच
शहर में गुड़मंडी के रहने वाले मां-बेटा व पड़ोस में रहने वाले पारिवारिक युवक को तीन दिन पहले ही स्वास्थ्य विभाग की टीम लेकर आई थी। उन तीनों को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया और इनका सैंपल जांच के लिए भेजा गया। इनकी बुधवार को जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिली है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार यह सभी कुछ दिन पहले ही मुरादाबाद गए थे, जहां इनके रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। वहां किसी जमाती या कोरोना संक्रमित के संपर्क में आने की बात कही जा रही है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी इसकी पूरी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की बात भी कह रहे हैं। इन तीनों को भी मेडिकल कॉलेज खानपुर कलां भर्ती कराया गया है। इसके अलावा इनके संपर्क में आने वाले 18 लोगों को क्वारंटीन किया गया है। जिनकी जांच कराई जाएगी तो अन्य का पता लगाया जा रहा है।
सील किए गए सभी इलाकों में सुरक्षा कड़ी, पाबंदी लगाई
एक दिन में चार केस कोरोना पॉजिटिव आने से प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की परेशानी बढ़ गई है। वहां से संक्रमण किसी अन्य तक नहीं पहुंचे। उसको रोकने के लिए सरस्वती विहार व गुड़मंडी को सील कर दिया गया है। वहां सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखने के लिए कहा गया है, जिससे कोई बाहर नहीं आ सके और वहां से बाहर नहीं जा सके। इसके साथ ही जरूरी सामान के लिए भी वहां किसी को नहीं जाने दिया जाएगा।
सोनीपत में 14 केस, 3 ठीक हो चुके
सोनीपत में सबसे पहले यूके से लौटी छात्रा की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, लेकिन छात्रा ठीक होकर घर लौट आई है। उसके बाद साइकिल मिस्त्री, एमपीएचडब्ल्यू व मदरसे का छात्र कोरोना पॉजिटिव मिला था, जिनमें से रविवार को साइकिल मिस्त्री व एमपीएचडब्ल्यू भी ठीक होकर घर लौट आए हैं। जिसके बाद जिले में पांच कोरोना संक्रमित रह गए थे, जिनमें एसआई का बेटा, मदरसे का छात्र, दिल्ली पुलिस का सिपाही, सब्जी विक्रेता, करनाल का गेहूं काटने की कंबाइन चलाने वाला कर्मी थे। उसके बाद रसोई के दो नए केस आए तो अब चार यह केस आने से सक्रिय केस 11 तक पहुंच गए हैं। इस तरह जिले में अभी तक 14 केस आ चुके हैं, लेकिन इनमें तीन ठीक हो चुके हैं।
यहां चार नए कोरोना के केस मिले हैं। जिनमें एक सरस्वती विहार व तीन गुड़मंडी से मिले हैं। इनमें सरस्वती विहार वाली महिला नर्सिंग ऑफिसर है तो गुड़मंडी वाले जमातियों के संपर्क में आए थे या नहीं, इसका पता कराया जा रहा है। इन सभी को मेडिकल कॉलेज खानपुर भेज दिया गया है और इलाकों को सील करा दिया गया है।
-डा. बीके राजौरा, सीएमओ