गोहाना। लॉकडाउन का उल्लंघन करने से लोग बाज नहीं आ रहे हैं। मंगलवार रात और बुधवार सुबह चार व्यक्ति दूसरे प्रदेशों से लौटकर अपने घर पहुंच गए। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम चारों व्यक्तियों के घर पहुंची और उनके स्वास्थ्य की जांच की। स्वास्थ्य की जांच के बाद चारों व्यक्तियों को 14 दिन के लिए होम क्वारंटीन कर दिया। स्वास्थ्य कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि क्वारंटीन अवधि के दौरान अगर वह अपने घरों से बाहर निकले तो उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।
शहर में रामनगर निवासी रेखा कई दिन पहले दिल्ली गई थी। वह वहां से कुछ दिन पहले पंजाब में अपनी रिश्तेदारी में पहुंची। मंगलवार रात को रेखा का पति उसे पंजाब से लेकर वापस लौटा। शहर में गौतम नगर निवासी प्रदीप, राखी और माही करीब एक माह पहले उत्तर प्रदेश में अपने परिचितों के पास गए थे। लॉकडाउन के बाद तीनों वहीं थे। बुधवार सुबह तीनों गोहाना अपने घर पर पहुंच गए। सामान्य अस्पताल के अधिकारियों को इसकी भनक लग गई, जिसके बाद जांच के लिए टीम को भेजा गया। बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारी सुभाष, राजबीर, रणबीर सिंह व सितेंद्र की टीम बारी-बारी से चारों व्यक्तियों के घर पहुंची। चारों व्यक्तियों और उनके परिजनों के स्वास्थ्य की जांच की गई। जांच में किसी भी कोरोना वायरस के संक्रमण के लक्षण नजर नहीं आए। टीम ने चारों व्यक्तियों को होम क्वारंटीन कर दिया और अन्य परिजनों को भी बिना जरूरी काम के घर से बाहर नहीं निकलने की हिदायत दी।