सोनीपत। कोरोना वायरस के चलते ईदगाह मदरसे में पढ़ने वाले छात्र की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद से उसके संपर्क में आने वाले सभी का सैंपल लेकर जांच कराई गई। उन सभी की रिपोर्ट आने पर प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग को कुछ राहत मिली है, क्योंकि छात्र के संपर्क में आने वाले 29 छात्रों व मदरसे के मौलाना की रिपोर्ट निगेटिव आई है। उन सभी को मेडिकल कॉलेज से छुट्टी देकर होम क्वारंटीन कर दिया गया है और किसी को घर से बाहर नहीं निकलने की हिदायत दी गई है।
सैनीपुरा का रहने वाला एक छात्र ईदगाह मोहल्ले के मदरसे में पढ़ता है जो 29 मार्च को मदरसे से अपने घर चला गया था। जब जमातियों से कोरोना फैलने का मामला सामने आया तो उसके बाद छात्र के बारे में मदरसे से आने की सूचना दी गई थी। जिस पर 5 अप्रैल को स्वास्थ्य विभाग की टीम छात्र को अपने साथ लेकर आई थी, जिसकी जांच कराने पर दो दिन पहले ही रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। उसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छात्र के संपर्क में आने वाले मदरसे के सभी 29 छात्रों व मौलाना को महिला मेडिकल कॉलेज खानपुर भर्ती कराया गया था। कोरोना के नोडल अधिकारी डॉ. दिनेश छिल्लर ने बताया कि उन सभी का सैंपल लेकर जांच कराई गई। उन सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है, जिसके बाद सभी को मेडिकल कॉलेज से छुट्टी दी गई। उन सभी को स्वास्थ्य विभाग ने होम क्वारंटीन करा दिया है और उनको किसी से नहीं मिलने के लिए कहा गया है।