सोनीपत। गांव ताजपुर में बीमारी के चलते व्यक्ति की मौत हो गई। परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। बीमारी से मौत की जानकारी मिलने पर पुलिस ने स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी। उसके बाद शव को कब्जे में लेकर सामान्य अस्पताल के शवगृह में सैनिटाइज कर रखवाया गया। पुलिस कोरोना की जांच रिपोर्ट आने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाएगी।
गांव ताजपुर निवासी रणबीर (52) दुकान चलाता था। उसने सोनीपत शहर में पेंट की दुकान कर रखी थी। परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह कई दिनों से बीमार चल रहे थे। बीमारी के चलते वीरवार को उनकी मौत हो गई। परिजनों ने मामले को लेकर पुलिस को अवगत करवाया। मिमारपुर चौकी पुलिस को बीमारी से व्यक्ति की मौत के बारे में जानकारी मिली तो स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी। कोरोना संक्रमण के लिए तैयार की गई एंबुलेंस में शव को नागरिक अस्पताल में लाया गया। शव को सैनिटाइज कर शवगृह में रखवाया गया हैं। जांच अधिकारी अशोक ने बताया कि स्वास्थ्य कर्मचारियों ने सैंपल लेकर जांच के लिए महिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल खानपुर में भेजे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही हैं।
परिजनों को दिए सावधानी बरतने के निर्देश
स्वास्थ्य अधिकारियों को बीमारी के चलते मौत की सूचना मिली तो एक टीम को मृतक के घर पर भेजा गया। जहां उनके घर को सैनिटाइज किया गया है। वहीं व्यक्ति के संपर्क में रहने वाले परिजनों को सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। परिजनों के स्वास्थ्य संबंधी कोई दिक्कत आने पर स्वास्थ्य विभाग को जानकारी देने को कहा गया है।