बहालगढ़ में जजपा नेता अजीत आंतिल को कोरोना वैक्सीन लगवाते विधायक मोहनलाल बड़ौली, सिविल सर्जन डॉ.
- फोटो : Sonipat
सोनीपत। जिले में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए टीकाकरण अभियान जारी है। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य कर्मचारियों, फ्रंटलाइन वर्कर्स के साथ बुजुर्गों को वैक्सीन लगाई गई। विभाग की ओर से जिला नागरिक अस्पताल समेत 20 स्थानों पर वैक्सीन लगाने का अभियान चलाया गया। सोमवार को 7148 बुजुर्ग लोगों ने पहली बार वैक्सीन लगवाई। साथ ही 473 फ्रंटलाइन वर्कर्स व 158 स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन लगाई गई। गंभीर बीमारी से ग्रस्त 45 से 59 वर्ष तक 1700 मरीजों ने कोरोना वैक्सीन लगवाई। इस तरह शनिवार को 3019 लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई गई। जिन लोगों को सोमवार को पहली बार यह वैक्सीन लगी है, ठीक 28 दिन बाद उन्हीं लोगों को दोबारा वैक्सीन लगाई जाएगी। लेकिन कोरोना से बचने के लिए अब भी मास्क व सैनिटाइजर का प्रयोग करते रहना होगा। साथ ही लोगों को एक-दूसरे से दो गज की दूरी बनाए रखनी होगी।
विधायक ने बहालगढ़ में किया शिविर का शुभारंभ
विधायक मोहन लाल बड़ौली ने स्वास्थ्य विभाग की ओर से गांव बहालगढ में बंजारों वाली चौपाल में लगाए गए वैक्सीनेशन कैंप का शुभारंभ किया। इस दौरान जजपा नेता अजीत आंतिल ने भी वैक्सीन लगवाई। इस दौरान विधायक ने लोगों से कहा कि भारत में बनी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है इसलिए वैक्सीन को लेकर फैलाई जा रही भ्रांतियों से बचकर सभी लोगों को टीकाकरण करवाना चाहिए। इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. जेएस पूनिया, भाजपा जिला सचिव सुनील रोहिल्ला, जाखौली मंडल के ओबीसी मोर्चा के महामंत्री मास्टर नरेंद्र धीमान, जजपा नेता अजीत आंतिल, राजेश स्वामी, मामन बंजारा, रामकरण, रामरतन रोहिल्ला आदि मौजूद रहे।
--
गुरुद्वारे में 360 लोगों ने वैक्सीन लगवाई
गुरुद्वारा कलगीधर सिंह सभा मॉडल टाउन की प्रबंधक कमेटी की तरफ से टीकाकरण अभियान चलाया गया। इस दौरान मुख्य रूप से पूर्व मंत्री कविता जैन पहुंची। जहां उन्होंने लोगों को कोरोना बचाव के लिए टीकाकरण कराने का आह्वान किया। इस दौरान उप सिविल सर्जन डॉ. नीरज यादव की देखरेख में 360 लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई गई। इस दौरान डॉ. निधि के साथ सुषमा व प्रवीन ने अपनी सेवाएं दी। इस दौरान प्रबंधक कमेटी के प्रधान सरदार मंजीत सिंह, सरदार धनवंत सिंह, सरदार प्रभमीत सिंह, सरदार अजीत सिंह, सरदार तरसेम सिंह, सरदार गुरप्रीत सिंह, सरदार चरणजीत सिंह, सरदार राजेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।