सोनीपत। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब दिव्यांगों को वैक्सीन लगाने के लिए 31 मई से विशेष टीकाकारण शिविर लगाए जाएंगे। इसकी शुरुआत एक जून को शहर के रोटरी क्लब कार्यालय से की जाएगी। शिविर के दौरान 18 वर्ष से ज्यादा उम्र के सभी दिव्यांग लोगों को वैक्सीन लगाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा समाज कल्याण विभाग से मिले आंकड़ों में 10185 दिव्यांग है जो सरकार से पेंशन ले रहे है। इसके अलावा सभी सीएचसी और पीएचसी को वैक्सीन लगाई जाएगी।
सरकार के आदेश पर स्वास्थ्य विभाग ने दिव्यांगों के लिए वैक्सीन लगाने का निर्णय लिया है। इसके लिए विभाग की ओर से 31 मई से विशेष टीकाकरण शिविर लगाए जाएंगे। जिसमें सिर्फ 18 वर्ष से ज्यादा उम्र के सभी दिव्यांगों को वैक्सीन लगाई जाएगी। सोनीपत जिले में 10185 ऐसे दिव्यांग है जो समाज कल्याण विभाग से हर माह पेंशन ले रहे है। इनमें अधिकतर दिव्यांग ऐसे भी है, जिनको घर से बाहर आने-जाने में परेशानी होती है। ऐसे दिव्यांग लोगों के लिए विशेष शिविर लगाए जाएंगे।
-
वैक्सीन लगने के बाद आधा घंटा निगरानी में रहेंगे दिव्यांग
विशेष शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से टीकाकरण केंद्र तैयार किए जाएंगे। पहला प्रतीक्षा कक्ष होगा, इसमें टीकाकरण कराने वाले दिव्यांग लोगों को बैठाया जाएगा। दूसरा टीकाकरण कक्ष होगा, यहां पर वैक्सीन लगाई जाएगी। इसके बाद दिव्यांगों को आधे घंटे तक स्वास्थ्य कर्मी अपनी निगरानी में रखेंगे। इसलिए ही दिव्यांगों को अभी किसी भी निजी अस्पताल में वैक्सीन नहीं लगाई जाएगी।
वर्जन
विभाग की ओर से 31 मई से दिव्यांग लोगों की सुविधा के लिए विशेष टीकाकरण शिविर लगाए जाएंगे। इसके लिए विभाग की ओर से तैयारियां पूरी कर ली है।
- डॉ. जेएस पूनिया, सिविल सर्जन