फोटो : सोनीपत में सारंग रोड रेलवे अंडरपास में भरा दूषित पानी। संवाद
सोनीपत। सारंग रोड रेलवे अंडरपास से गुजरना लोगों के लिए मुश्किल हो रहा है। अंडरपास में कई दिनों से पानी भरने से शहर दो हिस्सों में बट चुका है। शंभू दयाल डिस्पोजल की बड़ी पाइप लाइन लीक होने के कारण डिस्पोजल 9 फरवरी से बंद पड़ा है। इससे पानी निकासी नहीं हो पा रही है।
लोगों को शहर के दूसरी तरफ जाने के लिए गोहाना रोड आरओबी या शनि मंदिर फ्लाईओवर से होकर गुजरना पड़ रहा है। लोगों को जान जोखिम में डालकर रेलवे लाइन पार करनी पड़ रही है। शहरवासी करीब 20 साल से इस समस्या के स्थायी समाधान की गुहार लगा रहे हैं।
सारंग रोड रेलवे अंडरपास से दूषित पानी की निकासी के लिए वर्ष 1995 में डिस्पोजल पंप बनाया गया था। इसके बाद से यहां कभी डिस्पोजल पंप पर बार-बार पानी भरने से मोटरें जलने तो कभी सीवर लाइन लीकेज होने की समस्या बनी रहती है। जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से सीवरेज व्यवस्था के लिए लाइन बिछाई गई थी।
समय बीतने के साथ सीवर लाइन अब कई जगह से गलने के कारण लीकेज हो रही है। 9 फरवरी से अंडरपास में भरा दूषित पानी अब ओवरफ्लो होकर आसपास बनी दुकानों तक पहुंच चुका है। इससे दुकानदारों के काम धंधे चौपट हो रहे हैं। अंडरपास में जलभराव होने के कारण वाहन चालकों की परेशानी बढ़ चुकी है। उनको गोहाना रोड आरओबी से शहर के दूसरे हिस्से में आवागमन करना पड़ रहा है।
सारंग रोड के पास बने रेलवे अंडरपास के साथ नगर निगम की ओर से सप्ताह में तीन बार लाइन को ठीक करवाया जा चुका है। शनिवार को पानी निकालने के लिए दो अतिरिक्त मोटर लगाई गई हैं। जल्द समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा। -सुरेश लोहान, सहायक अभियंता, नगर निगम
फोटो : सोनीपत में सारंग रोड रेलवे अंडरपास में भरा दूषित पानी। संवाद
फोटो : सोनीपत में सारंग रोड रेलवे अंडरपास में भरा दूषित पानी। संवाद