फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जिले में लगातार हो रही बारिश, शहर के साथ गांवों में बत्ती रही गुल

विज्ञापन
विज्ञापन
ताउते चक्रवात का असर बुधवार को जिले में भी दिखाई दिया। जिसके चलते सुबह से बारिश व बूंदाबांदी का दौर शुरू हो गया। देर रात तक बूंदाबांदी जारी रही। जिले में औसतन 18 एमएम बारिश हुई। जिसमें राई क्षेत्र में सबसे अधिक 40 एमएम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने वीरवार को भारी बारिश व आंधी की चेतावनी दी है। वहीं मौसम खराब होने के चलते शहर के साथ ही गांवों में कई स्थानों पर बिजली बाधित रही। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जिले में अधिकतम तापमान में 10 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। बारिश से कई स्थानों पर जलभराव हो गया।
विज्ञापन

मई माह के पहले सप्ताह में गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया था। तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। लेकिन ताउते तूफान के असर के कारण मौसम का मिजाज बदल गया। मंगलवार से ही दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में हवाओं में नमी आ गई थी और दिनभर बादल छाए थे। बुधवार को सुबह से ही बारिश शुरू हो गई थी। जिलेभर में कही तेज बारिश हुई तो कही बूंदाबांदी। जिससे अधिकतम तापमान करीब दस डिग्री गिरकर 24 डिग्री पर पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बारिश से गुल रही बिजली, लोगों की मुसीबत बढ़ी
जिले में सुबह से हो रही बारिश के कारण शहर के कई इलाकों के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली गुल रही। जिससे लोगों की मुसीबत बढ़ गई। बिजली गायब होने पर लोग निगम कार्यालय में फोन लगाते रहे। कई स्थानों पर देर शाम तक बिजली सुचारु हो सकी। बिजली निगम के एसई मुकेश चौहान ने बताया कि कुछ स्थानों पर तारों में फाल्ट आने से बिजली समस्या आ गई थी। जिसमें से ज्यादातर को दूर कर दिया गया है।
विज्ञापन

जलभराव होने पर चावला कॉलोनी के लोग बिफरे
दिनभर जारी रही बारिश के कारण शहर व गांवों में जलभराव हो गया। जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर की चावला कॉलोनी, वैक्सन कॉलोनी, गीता भवन चौक, आठ मरला, मॉडल टाउन, सुभाष स्टेडियम के पास, शनि मंदिर के पास और कामी रोड आदि स्थानों पर पानी भर गया। चावला कॉलोनी में नीचे वाले घरों के अंदर पानी चला गया। जिससे लोगों को काफी परेशानी हुई। लोगों ने आरोप लगाया कि वह पांच साल से गोकुलधाम क्षेत्र में पानी की लाइन बिछाने के बाद उखाड़ी गई सड़क नहीं बनाई गई है। जिससे जलभराव की समस्या बन जाती है। लोगों ने नगर निगम के खिलाफ रोष जताया।
प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी, घर में रहने की सलाह
ताउते तूफान के कारण बने हालातों के चलते बुधवार को जिला प्रशासन ने विशेष एडवाइजरी जारी की है। वीरवार व शुक्रवार को भारी बारिश व आंधी आने के आसार बने हुए हैं। इसके तहत लोगों को घरों के अंदर रहने और यात्रा न करने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही बच्चों को घरों के अंदर रखने, खिड़की-दरवाजे बंद रखने, अनावश्यक बिजली उपकरणों को बंद रखने, तार वाले फोन और अन्य बिजली के उपकरणों का उपयोग करने से बचने को कहा है। पेड़ो के नीचे आश्रय न लेने की गाइडलाइन भी जारी की गई है। प्रशासन ने लोगों का आह्वान किया है कि ऐसे मौसम में आसमानी बिजली गिरने की संभावना बनी रहती है, इसलिए खुद को सुरक्षित रखे।
राई में सबसे अधिक तो गोहाना में सबसे कम बारिश
ब्लॉक बारिश (एमएम)
राई 40
गन्नौर 20
सोनीपत 14
खरखौदा 10
खानपुर 07
गोहाना 03
बारिश से किसानों को राहत, बिजाई व सिंचाई में मिलेगी मदद
बुधवार को हुई बरसात की वजह से किसानों को राहत मिली है। किसान खरीफ सीजन की फसलों की बिजाई व रोपाई की तैयारियों में जुटे हुए है। गर्मी अधिक होने की वजह से किसानों को ज्वार की फसल की सिंचाई भी करनी पड़ रही थी। बारिश से अब किसानों का सिंचाई का खर्च कम होगा। वहीं खरीफ सीजन की फसलों की बिजाई करने में भी उन्हें राहत मिलेगी। हालांकि मौसम के बदले मिजाज को लेकर कृषि विभाग ने किसानों को अलर्ट जारी किया है। किसानों को जारी की गई एडवाइजरी के अनुसार शुक्रवार तक किसानों को खेतों में फसलों की बिजाई न करने की सलाह दी गई है।
तटीय क्षेत्रों में ताउते तूफान के कारण मौसम में बदलाव हुआ है। इसका असर जिले में भी दिखाई दे रहा है। बुधवार को दिन भर बूंदाबांदी व बारिश होती रही है। वहीं वीरवार को भी तेज बारिश के आसार है। इस संबंध हमें किसानों को अलर्ट कर दिया गया है। बरसात से खरीफ सीजन की फसलों को काफी फायदा होगा। फसलों की बिजाई और सिंचाई करना आसान होगा। किसानों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
डॉ. अनिल सहरावत, कृषि उपनिदेशक, सोनीपत।
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण पश्चिमी समुद्री तट पर ताउते चक्रवात उत्पन्न हुआ है। जिसका असर हरियाणा पर भी दिखाई दिया है। अरब सागर में उठने वाली लहरों की वजह से भी नमी काफी अधिक बढ़ गई है। वीरवार को भी तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। ऐसे में प्रशासन ने एडवाइजरी जारी की है। प्रशासनिक अमला हालातों पर नजर रखे हुए है। किसी भी प्रकार की विषम परिस्थितियों के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।
विज्ञापन

डॉ. श्याम लाल पूनिया, डीसी, सोनीपत।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें