गोहाना। गोहाना जाट महासभा की कार्यकारिणी के गठन के लिए 23 अगस्त को चुनाव होने हैं। मंगलवार को महासभा की संपूर्ण कार्यकारिणी का गठन सर्वसम्मति से किए जाने की मांग को लेकर कांग्रेस नेता एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य कुलदीप गंगाना ने जाट धर्मशाला के निर्माणाधीन भवन में धरना दिया। उनका धरना सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक चला।
उन्होंने कहा कि गोहाना जाट महासभा के गठन के लिए चुनाव प्रक्रिया चल रही है। महासभा का गठन चुनाव प्रक्रिया से होने से समाज में गुटबाजी होगी। यह चुनाव समाज को बांटने का काम करेगा। कार्यकारिणी का गठन आपसी भाईचारे एवं सर्व सम्मति से किया जाना चाहिए।
गौरतलब है कि गोहाना जाट महासभा की कार्यकारिणी के गठन के लिए 8 व 9 अगस्त को नामांकन होंगे। 11 अगस्त को नाम वापस लिए जा सकेंगे। प्रधान एवं अन्य पदों के लिए चुनाव 23 अगस्त को होना है। चुनाव में 447 सदस्य मतदान कर कार्यकारिणी का गठन करेंगे।