सोनीपत। वार्ड नंबर 20 के गढ़ी घसीटा में सोमवार को घर-घर कांग्रेस, हर घर कांग्रेस अभियान की शुरुआत की गई। इसका शुभारंभ मेयर निखिल मदान व विधायक सुरेंद्र पंवार ने किया। उन्होंने डोर टू डोर पहुंचकर देश व हरियाणा में कांग्रेस के संकल्पों के बारे में क्षेत्रवासियों को अवगत करवाया। क्षेत्रवासियों ने एकजुटता के साथ कांग्रेस पार्टी का साथ देने का आश्वासन दिया।
विधायक सुरेंद्र पंवार ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने पर प्रत्येक जरूरतमंद को 100-100 गज के प्लॉट निशुल्क दिए जाएंगे। इसके साथ ही 3 लाख 50 हजार रुपये की लागत से दो कमरे भी बनाकर दिए जाएंगे। मेयर ने कहा कि जिस तरह पहले विकास के मामले में हरियाणा नंबर वन पर था उसी तरह प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने पर हरियाणा दोबारा नंबर वन होगा। इस दौरान सीनियर डिप्टी मेयर राजीव सरोहा, डिप्टी मेयर मनजीत गहलावत, पार्षद नीतू दहिया, सुरेंद्र नैय्यर, नवीन तंवर, सूर्या दहिया, भलेराम जांगड़ा, ऋतूराज, बंसी कूंडू, प्रिंस सरोहा समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।