- पुलिस लाइन के पीछे जटवाड़ा की खस्ताहाल सड़क को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
फोटो 15:
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। पुलिस लाइन के पीछे जटवाड़ा क्षेत्र की जर्जर मुख्य सड़क की मरम्मत की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रविवार को प्रदर्शन किया। कांग्रेस शहरी जिला अध्यक्ष कमल दिवान ने भाजपा सरकार और नगर निगम प्रशासन को 10 दिन का अल्टीमेटम दिया। कमल दिवान ने चेतावनी देते हुए कहा कि सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो कांग्रेस कार्यकर्ता नगर निगम कार्यालय का घेराव कर अनिश्चितकालीन धरना देंगे।
कमल दिवान ने कहा कि भाजपा सरकार विकास के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जटवाड़ा की मुख्य सड़क लंबे समय से बदहाल है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे होने से हादसों का खतरा बना हुआ है। राहगीरों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस शहरी जिला अध्यक्ष ने कहा कि सड़क से उड़ने वाली धूल के कारण भी लोगों को दिक्कत हो रही है। उन्होंने कहा कि शहर के लोगों को बुनियादी सुविधाएं तक नहीं मिल रही हैं। सबका साथ, सबका विकास का नारा भी धरातल पर दिखाई नहीं दे रहा।
इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष दीपक चावला, बिजेंद्र मलिक, निगम पार्षद नवीन कुमार, सचिव जयवीर राठी, ऋतुराज, देवेंद्र मलिक, बलवान, रामप्रकाश, सतबीर सिंह और नरेंद्र दहिया मौजूद रहे।