गन्नौर। गांव बांय में करीब 36 कनाल जमीन की फर्जी रजिस्ट्री कर धोखाधड़ी करने के मामले में बड़ी थाना पुलिस की ओर से अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं करने पर शिकायतकर्ता ने सहायक पुलिस आयुक्त से गुहार लगाई है। दिल्ली निवासी विकास कुमार ने एसीपी को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
उनका कहना है कि उन्होंने बड़ी थाना पुलिस को पूरे मामले से संबंधित दस्तावेज, रजिस्ट्रियों की प्रतियां और फर्जीवाड़े से जुड़े साक्ष्य उपलब्ध कराए लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। विकास कुमार ने आरोप लगाया कि नसीरपुर के व्यक्ति ने साजिश रचकर पिल्लूखेड़ा के व्यक्ति को उक्त जमीन बेच दी
आरोपियों ने उनके फर्म स्पाज एस्टेट प्राइवेट लिमिटेड के फर्जी अथाॅरिटी लेटर और निदेशकों के जाली हस्ताक्षरों के आधार पर जमीन की रजिस्ट्री कराई है। आरोप है कि इस फर्जीवाड़े में तीन अन्य लोग भी शामिल हैं। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाए।