फोटो :20: सोनीपत के पुराना औद्योगिक क्षेत्र स्थित फार्मा कंपनी। स्रोत पाठक
सोनीपत। पुराना औद्योगिक क्षेत्र स्थित कॉम्बिटिक ग्लोबल कैपलेट प्राइवेट लिमिटेड में केंद्रीय जीएसटी आयुक्त कार्यालय, रोहतक की टीम ने जांच कर जीएसटी की अनियमितताओं का खुलासा किया है। टीम ने जांच के दौरान महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं। इस प्रकरण में कंपनी के प्रमोटर पावेल गर्ग को गिरफ्तार किया गया है।
जीएसटी अधिकारियों के अनुसार जब्त दस्तावेजों की प्रारंभिक जांच में करीब 118.49 करोड़ रुपये मूल्य के औषधीय उत्पादों की अवैध बिक्री के प्रमाण मिले हैं। इस लेन-देन में करीब 21.30 करोड़ रुपये का जीएसटी शामिल बताया जा रहा है। उसे सरकारी खजाने में जमा नहीं कराया गया है।
जांच एजेंसी का दावा है कि कंपनी प्रमोटर पावेल गर्ग ने अन्य व्यक्तियों के साथ मिलकर केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर अधिनियम, 2017 की धारा 132 के प्रावधानों का उल्लंघन किया है। आरोप है कि इस अवैध गतिविधि के संचालन में प्रमोटर की भूमिका संदिग्ध रही जिसके चलते उन्हें पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया है। आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।
अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेजा, जांच जारी
गिरफ्तारी के बाद पावेल गर्ग को सोनीपत में ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया। अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए हैं। सीजीएसटी अधिकारियों ने बताया कि मामला गंभीर प्रकृति का है। दस्तावेजों के गहन विश्लेषण के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जीएसटी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच अभी जारी है। आने वाले दिनों में और भी अहम खुलासे हो सकते हैं।
फोटो :20: सोनीपत के पुराना औद्योगिक क्षेत्र स्थित फार्मा कंपनी। स्रोत पाठक