फोटो 20: सोनीपत शहर से बाहर बस अड्डे को स्थानांतरित करने का मुद्दा चंडीगढ़ विधानसभा में उठाते व
- फोटो : katra
सोनीपत। शहर को जाम मुक्त करने के लिए बस अड्डे को बाहर स्थानांतरित किया जाएगा। सरकार सोनीपत में जल्द कॉमर्शियल बस अड्डा बनाएगी। यह बस अड्डा आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा। इसमें खरीदारी के लिए दुकानें और फूड कोर्ट सहित दूसरी सभी सुविधाएं भी यात्रियों के लिए उपलब्ध होंगी। जाट जोशी गांव की प्रस्तावित जमीन का आकलन करने के बाद सरकार इस दिशा में कदम बढ़ाएंगी। हालांकि दूसरी जमीन का भी अगर विकल्प हुआ तो उसका भी अध्ययन किया जाएगा।
विधायक निखिल मदान ने सोमवार को विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान बस अड्डा शिफ्ट करने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि पुराना बस अड्डा शहर के बीच है। यातायात की समस्या बनी रहती है। उन्होंने कहा कि नया बस अड्डा बनाने की मुख्यमंत्री की घोषणा भी है। इस कार्य को जल्द धरातल पर उतारने की आवश्यकता है।
परिवहन मंत्री अनिल विज ने कहा सेक्टर-7 में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की नौ एकड़ जमीन इसके लिए तय की गई थी। जांच के बाद पता चला कि यहां बस अड्डा नहीं बनाया जा सकता। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग के महानिदेशक ने 12 जनवरी को जमीन का निरीक्षण किया था। जांच के दौरान पाया कि कुल 8.86 एकड़ भूमि में से 4.06 एकड़ भूमि ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में है। बाकी बची हुई जमीन में से एक एकड़ से अधिक भूमि सेक्टर को विभाजित करने वाली सड़क में आ चुकी है। यह जमीन सड़क के दोनों तरफ बच गई है। इस पर बस अड्डा नहीं बनाया जा सकता।
विज ने कहा कि बस अड्डे के लिए कम से कम 10 एकड़ जमीन की जरूरत है। जाट जोशी गांव की करीब साढ़े नौ एकड़ जमीन पर नया बस टर्मिनल बनाने का प्रस्ताव है। बस अड्डे की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के लिए सलाहकार नियुक्त किया जा चुका है। उसकी रिपोर्ट के बाद अगली कार्रवाई होगी। विधायक से चर्चा के दौरान परिवहन मंत्री ने कहा कि अगर शहर में कहीं और जगह पर जमीन उपलब्ध है तो सरकार उस पर भी विचार कर सकती है। वह प्रशासनिक अधिकारियों से मिलकर जाट जोशी की प्रस्तावित जगह का अध्ययन करेंगे और अगर कोई दूसरी जगह भी मिलती है तो उसका विकल्प भी खुला है।