गोहाना। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की टीम ने पुलिस के सहयोग से बुधवार को गांव गंगाना में कंबाइन मशीन को जब्त किया है। कंबाइन मशीन से बिना एसएमएस (स्ट्रा मैनेजमेंट सिस्टम) लगाए धान की फसल की कटाई की जा रही थी। धान की फसल की कटाई करवाने के बाद किसान फसल अवशेष में आग लगा देते हैं। इस पर रोक लगाने के लिए धान की फसल की कटाई करने के लिए कंबाइन मशीन पर एसएमएस लगा होना जरूरी है। इससे फसल अवशेष बारिक टुकड़ों में कट जाती है और उसे जलाने की जरूरत नहीं पड़ती। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग को बुधवार को सूचना मिली कि गांव गंगाना में बिना एसएमएस लगाए कंबाइन मशीन से फसल की कटाई की जा रही है। इसके बाद विभाग के उपमंडल कृषि अधिकारी डॉ. राजेंद्र प्रसाद पुलिस की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मशीन की जांच की। मशीन पर एसएमएस नहीं लगा हुआ था। ऐसे में टीम ने मशीन को जब्त कर लिया है।