संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा। वेतन नहीं मिलने पर ग्रामीण सफाईकर्मियों ने सोमवार को परशुराम पार्क में बैठक कर नाराजगी जताई। सफाईकर्मियों ने कहा कि कोरोना काल में सफाई कर्मियों को कोरोना योद्धा का दर्जा दिया गया लेकिन उन्हें कई-कई महीने तक वेतन नहीं दिया जाता है। ब्लाॅक प्रधान रोहतास ने कहा कि जनवरी 2023 में सरकार के साथ सालाना वर्दी धुलाई भत्ता, औजार भत्ता, 3 फीसदी वेतन बढ़ोतरी प्रति वर्ष पर सहमति बनी थी। महर्षि वाल्मीकि जयंती के बाद एक हजार रुपये वेतन बढ़ोतरी की घोषणा भी की गई थी। अब तक उन्हें उन घोषणाओं को लाभ नहीं मिल नहीं पाया है। कचरा उठाने के लिए उन्हें जो ई-रिक्शा दी गई है, उसे भी वह अपने घर पर ही चार्ज कर रहे हैं जो गलत है। ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने उनका वेतन तत्काल प्रभाव से देने की मांग की है। इस दौरान यूनियन सचिव चांद, प्रधान राजेश रसोई व जिला सचिव राजेश टोकी भी मौजूद रहे।