सोनीपत। सेक्टर-4 स्थित हॉकी मैदान में चल रहा मरम्मत का कार्य पानी के अभाव में अटक गया है। मैदान में लगाए गए सबमर्सिबल की मोटर का पाइप गलने के कारण टूट गया, इससे मोटर बोरिंग में ही फंस गई है। पानी नहीं होने के कारण अब एस्ट्रोटर्फ मैदान की सफाई व मरम्मत कार्य बीच में रोका गया है। खेल विभाग के अधिकारी मोटर को निकलवाने को प्रयास कर रहे हैं।
हॉकी मैदान में दो सप्ताह पहले सबमर्सिबल के स्टार्टर को ठीक करवाकर पानी की आपूर्ति शुरू कर दी गई थी, लेकिन कुछ देर बाद पानी का पाइप टूट गया और मोटर बोरिंग में ही रह गई। उन्होंने बताया कि मोटर में लगे पाइपों के गलने के कारण वह टूट गए व मोटर फंस गई है। इस वजह से मैदान में चल रहे अन्य कार्य भी पानी के अभाव में अटक गए हैं। खेल अधिकारी मोटर को निकलवाने का प्रयास कर रहे हैं। मैदान में अभी एस्ट्रोटर्फ की सिलाई, सफाई व छह स्प्रिंकलर गन लगाने का कार्य शेष हैं। खेल अधिकारी इस बारे में जिला उपायुक्त को जल्द ही रिपोर्ट भेजेंगे।