गोहाना के उपमंडल के नागरिक अस्पताल में आईसीयू वार्ड पर लटका ताला। संवाद
गोहाना। बरोदा रोड स्थित उपमंडल के नागरिक अस्पताल में आईसीयू तो बना दिया गया लेकिन उपकरण व स्टाफ उपलब्ध नहीं कराए जाने रे कारण मरीजों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। आईसीयू के दरवाजे पर चार महीने से ताला लटका हुआ है।
आईसीयू बनने के बाद भी सिविल सर्जन की तरफ से उपकरण व स्टाफ उपलब्ध नहीं कराया गया है। हालांकि मुख्यालय के निर्देश पर अस्पताल में बने आईसीयू में ऑक्सीजन पाइप लाइन, एसी व अन्य सुविधाओं की औपचारिकता तो पूरी कर ली गई है, लेकिन स्टाफ उपलब्ध नहीं करवाया गया। नागरिक अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने के लिए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से लाखों रुपये खर्च कर छह बेड का आईसीयू तैयार किया गया है। इसमें अस्पताल की तरफ ऑक्सीजन, वैक्यूम व हवा के लिए तीन पाइप लाइन और सभी छह बेड पर आवश्यक यंत्र लगा दिए गए हैं। बावजूद इसके चार महीने से आईसीयू चालू नहीं हो पाया है। ऐसे में मरीजों को आईसीयू की सुविधा नहीं मिल रही है। अधिकारियों का कहना है कि उनकी तरफ से सारी औपचारिकता पूरी कर ली गई है। जैसे ही सिविल सर्जन की तरफ से स्टाफ व यंत्र उपलब्ध होंगे, आईसीयू को चालू कर दिया जाएगा।
नागरिक अस्पताल के अधिकारियों की तरफ से मुख्यालय व सिविल सर्जन कार्यालय में हर महीने आईसीयू को चालू करने की मांग भेजी जाती है। जिससे मरीजों को फायदा मिल सके। चार महीने से आईसीयू के गेट पर ताला लगा हुआ है।
वर्जन
नागरिक अस्पताल में छह बेड का आईसीयू तैयार किया गया है। इसमें ऑक्सीजन, वैक्यूम, हवा की फिटिंग व एसी की व्यवस्था की गई है। हालांकि अभी तक यंत्र व स्टाफ उपलब्ध नहीं हो पाया है। इसके लिए हर महीने मांग भेजी जा रही है। स्टाफ व यंत्र उपलब्ध होने पर आईसीयू चालू कर दिया जाएगा।-डॉ. दिनेश छिल्लर, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी, गोहाना।