संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। नगर निगम चुनाव के मतदान के बाद सोमवार को शहर का राजनीतिक माहौल पूरी तरह चुनावी समीकरणों और जीत-हार के आकलन में डूबा नजर आया। चुनाव प्रचार और मतदान की भागदौड़ थमने के बाद मेयर पद के प्रमुख प्रत्याशियों ने दिनभर अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ बूथ वार मतदान का विश्लेषण किया। कहीं कम वोटिंग पर मंथन हुआ तो कहीं समर्थकों ने अपने-अपने प्रत्याशी की जीत के दावे किए।
भाजपा के मेयर प्रत्याशी राजीव जैन ने सोमवार सुबह दिन की शुरुआत धार्मिक आस्था और फिटनेस के साथ की। सुबह करीब पांच बजे उठकर मंदिर में दर्शन करने के बाद उन्होंने करीब पांच किलोमीटर तक साइकिलिंग की।
इसके बाद वह पुरखास अड्डा स्थित अपने कार्यालय पहुंचे, जहां बूथ मैनेजमेंट कमेटी, पार्टी पदाधिकारियों और चुनावी जिम्मेदारियां संभालने वाले कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर मतदान प्रतिशत और बूथवार समीकरणों पर चर्चा की।
बैठक के दौरान शहर में अपेक्षाकृत कम मतदान को लेकर भी मंथन हुआ। हालांकि, कार्यकर्ताओं में उत्साह और आत्मविश्वास साफ दिखाई दिया। राजीव जैन ने कहा कि जनता ने उनकी तरफ से कराए गए विकास कार्यों पर विश्वास जताया है। उन्हें पूरा भरोसा है कि मतदाता विकास के पक्ष में निर्णय देंगे।
वहीं, कांग्रेस के मेयर प्रत्याशी कमल दिवान ने मतदान के अगले दिन की शुरुआत परिवार के साथ समय बिताकर की। इसके बाद वे अपने कार्यालय पहुंचे और कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ घंटों चुनावी चर्चा की। कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग बूथों पर हुए मतदान प्रतिशत और स्थानीय समीकरणों के आधार पर जीत के दावे किए।
कमल दिवान ने कहा कि जनता का आशीर्वाद कांग्रेस के साथ है। उन्हें विश्वास है कि परिणाम उनके पक्ष में आएगा। उन्होंने कहा कि यदि जनता उन्हें मौका देती है तो शहर के विकास को नई दिशा दी जाएगी।
मतदान के बाद भले ही चुनावी शोर थम गया हो लेकिन राजनीतिक गलियारों में अब जीत-हार के गणित और संभावित परिणामों को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।