पूर्व सरकार में उपेक्षित एवं भेदभाव का शिकार रहे सोनीपत को विकास की पटरी पर लाने के लिए सोनीपत को नगर निगम बनवाया गया है। इससे शहर के चहुंमुखी विकास, सौंदर्यीकरण के साथ अत्याधुनिक सुविधाएं मिलेगी। यह कहना है स्थानीय निकाय, महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री कविता जैन का।
महिला एवं बाल विकास मंत्री सोनीपत शहर को लाखों की सौगात देने के मौके पर लोगों से रूबरू थी। उन्होंने सर्वप्रथम आदर्श नगर में बावा-तराना सिनेमा के आगे वाली गली के निर्माण की आधारशिला रखी, जिस पर करीब 18 लाख रुपये की लागत आएगी। तत्पश्चात वे शनि मंदिर में आयोजित एक समारोह में शामिल हुई, जहां उन्होंने जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए। इसके उपरांत वे हिंदू कालेज के समक्ष रेलवे फाटक के सामने फ्लाईओवर के नीचे पहुंची। यहां उन्होंने नव निर्मित अत्याधुनिक जन सुविधा परिसर (शौचालय) को लोकार्पित किया, जिस पर लगभग 12 लाख रुपये की लागत आई। महिला एवं बाल विकास मंत्री ने कहा कि जहां कहीं भी सार्वजनिक शौचालय की जरूरत है वहां बनवाये जायेंगे। अब कच्वे क्वार्टर में भी शौचालय की व्यवस्था कराई जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि रेहड़ी वालों के लिए भी अलग से स्थान निर्धारित करने के लिए भी प्रयास जारी हैं।
स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन ने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर को सुदृढ़ करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पेयजल की समस्या को खत्म करने के लिए रैनीवेल परियोजना पर भी तेजी से काम जारी है। शहर की कोई भी गली-सड़क कच्ची नहीं रहने दी जाएगी। सौंदर्यीकरण के लिए कूड़ा निस्तारण की भी समुचित व्यवस्था की जा रही है। ताजपुर में सालिड वेस्ट मैनेजमेंट एवं डंपिंग स्टेशन बनाया जा रहा है। सीवरेज प्रणाली को भी दुरुस्त किया जा रहा है, जिससे गंदे पानी की निकासी की उचित व्यवस्था होगी इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता आजाद सिंह नेहरा, रवींद्र दिलावर, संजय सिंगला, पवन तनेजा, किरणबाला, रोहताश बिश्रोई आदि मौजूद थे।