फोटो : सोनीपत के खरखौदा निवासी घायल सुनील सिर में आई चोट दिखाते हुए। संवाद
- फोटो : 1
खरखौदा। खरखौदा में रविवार रात घर लौट रहे चाउमीन विक्रेता पर अज्ञात युवकों ने रास्ता रोककर डंडों से हमला कर दिया। घायल को पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वार्ड नंबर-5 निवासी सुनील ने थाना खरखौदा में शिकायत देकर अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। शिकायत में बताया कि वह 28 जून की रात करीब 9 बजे चाउमीन की रेहड़ी लेकर घर लौट रहे थे।
जब वह अपनी गली में पहुंचे तो वहां पहले से 7-8 युवक खड़े थे। शिकायतकर्ता के अनुसार सभी युवकों ने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। आरोप है कि युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया और डंडों से हमला कर दिया। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी।
सुनील ने बताया कि वह किसी भी आरोपी को पहचान नहीं पाए। हमले में घायल होने के बाद उन्हें सरकारी अस्पताल ले जाया गया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। उनके सिर में करीब 20 टांके आए हैं।