गन्नौर। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता ने मंगलवार को गांव धतूरी में घरेलू गैस सिलिंडर की कालाबाजारी करते हुए दो किराना दुकानदारों को पकड़ा है। टीम ने दोनों दुकानों से 30 घरेलू गैस सिलिंडर व एक फिलिंग मशीन जब्त की। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता टीम में इंस्पेक्टर श्रवण, एएसआई राजेश व सत्यनारायण, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम में निरीक्षक राजेश व नवीन शामिल रहे।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ता को शिकायत मिल रही थी कि गांव धतूरी में घरेलू गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी हो रही है। इस पर टीम मंगलवार को गांव धतूरी में पहुंची और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया। जांच के दौरान टीम ने गांव में किराने की दुकान से भारत गैस कंपनी के 20 घरेलू गैस सिलिंडर व साथ लगती दूसरी दुकान से 10 घरेलू गैस सिलिंडर व फिलिंग मशीन भी बरामद की। टीम ने सिलिंडरों व मशीन को कब्जे में लेकर दुकानदारों के खिलाफ मुरथल थाना में शिकायत दी और अपनी रिपोर्ट बनाकर आगामी कार्रवाई के लिए मुख्यालय भेज दी।
-अवैध रूप से रखे हुए थे सिलिंडर
जांच के दौरान सामने आया कि भारत गैस कंपनी के सिलिंडर रखने की अनुमति दोनों दुकानदारों के पास नहीं थी। साथ ही सिलिंडर रखने की अनुमति की जांच को लेकर गैस एजेंसी संचालक को भी बुलाया गया। जिससे स्पष्ट हुआ कि दोनों दुकानदार अवैध तरीके से गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी करते थे। वहीं फिलिंग मशीन से छोटे सिलिंडरों में भी गैस भरते थे।