सोनीपत। रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघ 0644 के सदस्यों की मंगलवार को वर्चुअल बैठक हुई। इसमें राज्य प्रधान आजाद सिंह गिल व राज्य प्रवक्ता सुधीर अहलावत ने कहा कि मुख्यालय में बैठे अधिकारी सरकार को गुमराह कर रहे हैं। रोडवेज कर्मचारियों की छुट्टियां घटा दीं गईं, किलोमीटर बढ़ा दिए गए व रूटों के रनिंग टाइम घटा दिए गए। सभी डिपो के महाप्रबंधक आदेश जारी कर रहे हैं कि डिपो का कोई भी कर्मचारी गांवों में रात्रि ठहराव महीने में सिर्फ 10 दिन ही कर सकता है तो लाजमी है कि ग्रामीण सेवाएं बाधित होंगी। इससे कर्मचारियों और विभाग को नुकसान हो रहा है और इससे जनता भी परेशान होगी।
राज्य प्रधान आजाद सिंह गिल व राज्य प्रवक्ता सुधीर अहलावत ने कहा कि इस विषय पर रोडवेज कर्मचारियों और जनता को जल्द फैसला लेना होगा। उन्होंने 10 अप्रैल को रोहतक डिपो में होने वाले प्रदर्शन के बारे में बारे में कहा कि रोहतक डिपो के अधिकारी ने एक संगठन पर एक तरफा कार्यवाही करके अपनी द्वेष भावना को जाहिर की है। हरियाणा रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघ 0644 रोहतक में आंदोलन करेगा और आगे की रणनीति भी तय की जाएगी। इसमें सोनीपत से जिला प्रधान संदीप मलिक व अन्य सदस्य भी शामिल हुए।