सोनीपत। महाशिवरात्रि का त्योहार शुक्रवार को मनाया जाएगा। पर्व को लेकर जहां मंदिरों में तैयारियां जोर शोर से शुरू हो गई हैं, वहीं जिले में भक्त कांवड़ लेकर आने लगे हैं। हरिद्वार की तरफ से आने वाले रास्तों पर बोल बम बम के जयकारे गूंजने लगे हैं।
महाशिवरात्रि पर्व को लेकर भक्तों में उल्लास बना हुआ है। महिलाएं व्रत रखने के लिए अभी से तैयारियां कर रही हैं। वहीं दुकानदारों ने भी तैयारियां तेज कर दी है। मंदिरों को भव्य तरीके से सजाया जाने लगा है। मान्यता है कि महाशिवरात्रि को भगवान शंकर की विधि विधान से पूजा करने से भगवान प्रसन्न होते हैं मनोवांछित फल प्रदान करते हैं।
हर साल लाते हैं कांवड़
कांवड़ लेकर जिले की सीमा से गुजरने के दौरान महेंद्रगढ़ के गांव बाघोत निवासी वीरपाल, विनोद व पप्पू ने बताया कि वह हर साल इन्हीं दिनों कांवड़ लेने जाते हैं। उन्होंने बताया कि हमारे 50 कावड़ियों के समूह ने 25 फरवरी को कांवड़ उठाई थी। शुक्रवार को बाघोत गांव स्थित बागेश्वर धाम यानी शिव मंदिर पहुंचकर महाशिवरात्रि के दिन भगवान श्री शंकर जी को जलाभिषेक करेंगे।