गोहाना। गांव शामड़ी बुरान के रहने वाले युवक के खाते में पैसे डालने का झांसा देकर 101999 रुपये निकालने का मामला सामने आया है। युवक ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। गांव शामड़ी बुरान के रहने वाले राकेश ने पुलिस को बताया कि वह एचबीडी फानेंशियल सर्विस में नौकरी करते हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को दोपहर 12 बजे उनके मोबाइल पर एक मोबाइल नंबर से फोन आया था। फोन करने वाले ने उसे कहा कि वह मनोज बोल रहा है। उसकी कुछ पेमेंट आनी है, लेकिन उसका फोन टूट गया है। फोन करने वाले राकेश से कहा कि उसके फोन में गूगल-पे होगा। वह उसमें पैसे डलवा देता है। यह कहने के बाद उसने एक अन्य युवक से बात कराकर उसके गूगल-पे पर एक लिंक भेज दिया। साथ ही एक लिंक व्हाट्सएप पर एक अन्य मोबाइल नंबर भेजा। लिंक भेजने के बाद उसके दो खातों से 90000 रुपये व 11999 रुपये निकल गए। तब उसे पता लगा कि उसके साथ ऑनलाइन ठगी की गई। उसने मामले से सिटी थाना पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया है।