सोनीपत। गांव चटिया औलिया से चटिया देवा रोड का जल्द पुनर्निर्माण होगा। लोक निर्माण विभाग की ओर से इस 10.15 किलोमीटर लंबी सड़क के पुनर्निर्माण पर 5.32 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। विभाग ने खस्ताहाल सड़क के सुधार के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। एक सप्ताह के अंदर टेंडर अलॉट करने का लक्ष्य रखा है। सड़क बनने से पांच गांवों के लोगों को फायदा होगा।
चटिया औलिया से चटिया देवा रोड पर जगह-जगह गड्ढे होने से वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी झेलनी पड़ रही है। लंबे समय से टूटकर बिखरी सड़क का पुनर्निर्माण होने से वाहन चालकों को जल्द इस परेशानी से निजात मिल सकेगी। ग्रामीण काफी समय से सड़क सुधार की मांग करते आ रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि खस्ताहाल सड़क के कारण दुर्घटना होने का अंदेशा बना रहता था। सड़क के सुधार की मांग को लेकर ग्रामीण विधायक को भी समस्या से अवगत करा चुके हैं। विधायक देवेंद्र कादियान के प्रयास से 10.15 किलोमीटर लंबी सड़क के पुनर्निर्माण को मंजूरी मिल चुकी है।
अधिकारियों को जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी कर कार्य की शुरुआत करनी चाहिए ताकि लोगों को आवागमन में सुविधा मिल सके। अधिकारियों ने कहा कि मुख्यालय से अलॉटमेंट लेने के बाद सड़क के पुनर्निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा।
पांच गांव के लोगों की सुगम होगी डगर
सड़क के पुनर्निर्माण से पांच गांवों के लोगों के साथ वाहन चालकों की डगर सुगम होगी। जहां गड्ढों से निजात मिल सकेगी, वहीं वाहन सड़कों पर सरपट दौड़ सकेंगे। सड़क का सुधार होने से गांव चटिया औलिया, माहरा, सिटावली, रहमाना, चटिया देवा के ग्रामीणों सहित वाहन चालकों को लाभ मिलेगा। फिलहाल खस्ताहाल सड़क से कई बार वाहन खराब होने से चालकों का आर्थिक बोझ झेलना पड़ रहा है। ज्यादातर दोपहिया वाहनों पर मेंटेनेंस का खर्च बढ़ रहा है।
लोक निर्माण विभाग को खस्ताहाल चटिया औलिया से चटिया देवा रोड का पुनर्निर्माण कार्य जल्द शुरू करवाने के निर्देश दिए गए हैं। सड़क का पुनर्निर्माण होने से ग्रामीणों सहित वाहन चालकाें को आवागमन में लाभ मिलेगा। लोगों के सहयोग व अधिकारियों के प्रयास से सड़क पर जल्द कार्य शुरू करवाया जाएगा। अगर निर्माण कार्य में खामियां मिलती है तो अधिकारियों से जवाबदेही होगी। -देवेंद्र कादियान, विधायक, गन्नौर।
गांव चटिया औलिया से चटिया देवा रोड का पुनर्निर्माण करवाने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। टेंडर होने के बाद मुख्यालय को अलॉटमेंट पत्र लिखा जाएगा। अलॉटमेंट मिलते ही सड़क का पुनर्निर्माण शुरू करवाया जाएगा।
पंकज गौड़, कार्यकारी अभियंता, लोक निर्माण विभाग