खरखौदा। गांव सिसाना के व्यक्ति ने गांव के ही रहने वाले दो भाइयों पर उससे 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है। उसने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। व्यक्ति का आरोप है कि आरोपियों की शराब की गाड़ी पकड़े जाने के चलते वह उस पर गाड़ी पकड़वाने का आरोप लगाकर पैसे की मांग कर रहे हैं। साथ ही जान से मारने की धमकी दे रही है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव सिसाना निवासी रामनिवास ने पुलिस को बताया कि गांव के ही जितेंद्र व भूपेंद्र ने उससे 50 लाख रुपये देने की मांग की है। आरोपियों ने उसे कहा है कि उसने उसकी शराब की गाड़ियां पकड़वा दी हैं। जिससे उन्हें 50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। ऐसे में अब वह उन्हें इस नुकसान की भरपाई करने के लिए 50 लाख रुपये दे। पैसे नहीं देने पर वह उसे गोली मार देंगे। शिकायतकर्ता का कहना है कि आरोपियों ने उसे कहा कि वह उसे करीब 10 दिनों से तलाश रहे हैं। ऐसे में दोबारा से आरोपी उसे धमकी ना दे सकें इसलिए उनके खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाए। जिस पर पुलिस ने दोनों भाइयों के खिलाफ जबरन पैसे मांगने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
वहीं मामले में आरोपी सिसाना निवासी भूपेंद्र का कहना है कि उन्होंने कोई धमकी नहीं दी है। शिकायतकर्ता ने मंदिर की जमीन पर कब्जा किया हुआ है। जिसे लेकर कुछ दिन पहले पंचायत हुई थी तो उसमें उसने शिकायतकर्ता को गलत ठहरा दिया था। जिसे लेकर उसकी पंचायत में ही कहासुनी हो गई थी। ऐसे में उन दोनों भाईयों के खिलाफ झूठी शिकायत दी गई है।
--
व्यक्ति ने दो भाइयों पर पैसे मांगने का आरोप लगाया है। जिस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। जल्द पूरे मामले का पटाक्षेप किया जाएगा।
-जसबीर सिंह, थाना प्रभारी खरखौदा।