सोनीपत। राष्ट्रीय राजमार्ग-352ए पर तेज गति से गाड़ी दौड़ाने वाले चालकों पर अब शिकंजा कसा जा सकेगा। निर्धारित गति से तेज वाहन चलाने पर उसका ऑटोमेटिक चालान कटेगा। हाईवे पर हादसा रोकने व सुरक्षा के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की ओर से सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं।
ये कैमरे यातायात नियम तोड़ने और तेज गति से गाड़ी चलाने वालों को चिह्नित करेंगे। इसके बाद चालक को ऑनलाइन चालान भेजा जाएगा। हाईवे के साथ आबादी क्षेत्र के पास सीसीटीवी लगाने का काम शुरू हो गया है।
सोनीपत-जींद राष्ट्रीय राजमार्ग-352ए पर तेज गति और खतरनाक ढंग से गाड़ी चलाने से रोकने के लिए नाइट विजन उच्च क्वालिटी के सीसीटीवी लगाए जा रहे हैं। हाईवे पर उच्च क्वालिटी के कैमरे लगाने के बाद पुलिस को यातायात नियमों को तोड़ने वालों पर शिकंजा कसने व आपराधिक वारदात को सुलझाने में भी मदद मिलेगी। इन सीसीटीवी की मॉनीटरिंग मोहाना के पास स्थापित किए गए टोल प्लाजा से की जाएगी।
करीब पांच साल पहले सोनीपत-जींद ग्रीन फील्ड राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच)-352ए) का निर्माण शुरू किया गया था। यह हाईवे मुरथल जीटी रोड (एनएच-44) से शुरू होकर सोनीपत और गोहाना से होते हुए जींद तक जाता है। पहले चरण में गोहाना से जींद तक हाईवे का निर्माण पूरा हो चुका है।
नेशनल हाईवे 352ए के दूसरे चरण का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। इस पर 799 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। गांव बड़वासनी के पास एनएचएआई की ओर से 600 मीटर लंबे एलिवेटेड रोड का निर्माण किया जा रहा है।। 30 सितंबर तक निर्माण पूरा होने की उम्मीद है। निर्माणाधीन एलिवेटेड मार्ग को छोड़कर पूरे हाईवे पर वाहन फर्राटा भर रहे हैं।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर गलत व मनमाने ढंग से वाहन चलाने वाले चालकों पर भी शिकंजा कसा जा सकेगा। रात के समय टक्कर मारकर भागने वाले वाहनों का पता लगाने में भी सीसीटीवी से पुलिस को मदद मिलेगी। सीसीटीवी के आधार पर पुलिस आसानी से मौके पर पहुंच सकेगी।
सोनीपत से जींद के बीच लगाए जा रहे 16 सीसीटीवी
एनएचएआई की तरफ से मुरथल जीटी रोड से जींद के बीच वाहनों पर निगरानी के लिए 16 सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम जारी है। इनमें से गोहाना-जींद के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग पर सीसीटीवी लगाकर उन्हें चालू कर दिया गया है। अब सोनीपत-गोहाना के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग पर सीसीटीवी लगाने का काम किया जा रहा है। उच्च क्वालिटी की मदद से वाहनों की नंबर प्लेट भी आसानी से देखी जा सकेगी।
एनएच-352ए पर वाहनों की गति पर नियंत्रण रखने के लिए सीसीटीवी लगाए जा रहे हैं। इन सीसीटीवी की मॉनीटरिंग टोल प्लाजा से की जाएगी। गोहाना-जींद के बीच जल्द सीसीटीवी लगाकर उन्हें चालू कर दिया जाएगा। -जगभूषण शर्मा, परियोजना निदेशक, एनएचएआई।
फोटो 14: सोनीपत के गांव बड़वासनी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-352ए पर लगाया गया सीसीटीवी। संवाद