सोनीपत। दशहरा पर्व के मौके पर शहर की धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों की ओर से मंगलवार को भगवान श्रीराम की लीलाओं के मंचन पर आधारित मनमोहक झांकियां और शोभायात्रा निकाली गई। झांकियां को देखने के लिए मार्गों के दोनों ओर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। कई स्थानों पर मेले भी लगाए गए। इसके साथ ही श्रद्धालुओं ने जगह-जगह प्रसाद वितरित किए।
रामलीला कमेटियों ने दोपहर से पूर्व ही शोभायात्रा और झांकियों की तैयारियां शुरू कर दी थी। विभिन्न संगठनों द्वारा निकाली गई झांकी शहर के जटवाड़ा, सारंग रोड, गीता भवन, कच्चे क्वार्टर, बस अड्डा और मुरथल रोड से होती हुई रामलीला ग्राउंड पहुंची। बैंड-बाजों के साथ निकाली गई शोभायात्रा और झांकियों ने सभी का मन मोह लिया। कलाकार भगवान राम, लक्षमण और सीता आदि की वेशभूषा में सभी को प्रभावित कर रहे थे। श्री हनुमान दल मोहल्ला कोट और श्री सेवा समिति महाबीर दल की ओर से हनुमान स्वरूप की शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया। उधर सनातन धर्म सभा गीता भवन द्वारा गीता भवन से सेक्टर-12 हुडा कार्यालय तक शोभायात्रा निकाली गई।
शहर में लगा रहा जाम, वाहन चालक हुए परेशान
विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों की ओर से शहर में शोभायात्रा निकाल जाने के कारण लोगों का हुजूम सड़क पर उमड़ पड़ा था, जिससे कई स्थानों पर मार्ग बाधित हो गया था। पुलिस और कमेटी सदस्यों को जाम की स्थिति को समाप्त करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। विशेषकर गुड़मंडी क्षेत्र, ओल्ड डीसी रोड, कच्चे क्वार्टर, सेक्टर 14, चार मरला आदि जगहों से लगभग सभी शोभायात्रा निकली, जिसके कारण शहर में जाम की स्थिति रही। विशेषकर गीता भवन चौक, गांधी चौक, सेक्टर 14-15 आउटर रोड, मामा भांजा चौक, ओल्ड डीसी रोड, रेलवे रोड, ओल्ड रोहतक रोड पर जाम लगा रहा।
सोनीपत शहर में शोभायात्रा के दौरान नृत्य करतीं महिला श्रद्धालु- फोटो : Sonipat
गीता भवन चौक के पास शोभा यात्रा के दौरान हनुमान स्वरूप संग नृत्य करते श्रद्धालु।- फोटो : Sonipat