-एसीपी अमित धनखड़ ने फैक्टरी मालिकों के साथ की बैठक, संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल सूचना देने और कर्मचारियों का रिकॉर्ड रखने के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सोनीपत पुलिस ने फैक्टरी संचालकों के साथ समन्वय बढ़ाने की पहल की है। इसी सिलसिले में वीरवार को थाना सदर में सहायक पुलिस आयुक्त अमित धनखड़ की अध्यक्षता में औद्योगिक इकाइयों के मालिकों और संचालकों की बैठक हुई। इसमें फैक्टरी परिसरों में सीसीटीवी लगाने और पुलिस के ‘अभेद्य’ एप को मोबाइल फोन में डाउनलोड करने पर विशेष जोर दिया गया।
प्रवेश और निकास द्वार पर लगाएं कैमरे
एसीपी ने कहा कि फैक्टरियों की सुरक्षा के लिए केवल मुख्य द्वार पर सीसीटीवी लगाना पर्याप्त नहीं है। प्रवेश और निकास द्वार, पार्किंग स्थल, मुख्य रास्तों और संवेदनशील स्थानों पर भी अच्छी गुणवत्ता के कैमरे लगाए जाएं। सभी कैमरे नियमित रूप से चालू रहें और उनकी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी जाए, ताकि किसी घटना के समय पुलिस को जांच में मदद मिल सके।
मोबाइल में डाउनलोड करें ‘अभेद्य’ एप
बैठक में एसीपी ने फैक्टरी संचालकों को पुलिस के ‘अभेद्य’ एप की जानकारी दी। उन्होंने सभी संचालकों से इसे अपने मोबाइल फोन में डाउनलोड करने की अपील की। उन्होंने कहा कि तकनीक के माध्यम से पुलिस और औद्योगिक इकाइयों के बीच बेहतर संपर्क स्थापित किया जा सकता है।
कर्मचारियों का रिकॉर्ड रखें व्यवस्थित
फैक्टरी प्रबंधन को अपने यहां कार्यरत कर्मचारियों का पूरा रिकॉर्ड व्यवस्थित रखना चाहिए। सुरक्षा के लिहाज से यह जरूरी है कि प्रबंधन परिसर में आने-जाने वाले लोगों पर भी नजर रखे। बाहर के कर्मियों की पुलिस वेरीफिकेशन कराए। एसीपी ने कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलने पर पुलिस को तत्काल सूचित करें। सूचना देने में देरी से अपराध रोकने और समय रहते कार्रवाई करने में परेशानी हो सकती है।
पुलिस और उद्योगों के बीच समन्वय पर जोर
एसीपी अमित धनखड़ ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों को सुरक्षित बनाने में पुलिस के साथ फैक्टरी संचालकों की भी अहम भूमिका है। आपसी सहयोग, सतर्कता और तकनीक के बेहतर इस्तेमाल से अपराधों की रोकथाम में मदद मिल सकती है।