सोनीपत। तीसरी आंख से ओझल सोनीपत स्टेशन पर जल्द सीसीटीवी लगाने का काम शुरू किया जाएगा। रेलवे ने स्टेशन पर भवन निर्माण पूरा होने के बाद सीसीटीवी लगवाने की योजना तैयार की है। योजना के तहत सोनीपत स्टेशन पर 26, गन्नौर व राठधना स्टेशन पर 10-10 सीसीटीवी लगाए जाएंगे।
रेलवे सोनीपत के अंतर्गत आने वाले विभिन्न स्टेशनों पर सीसीटीवी लगवाकर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना चाहता है। सीसीटीवी के माध्यम से हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए सोनीपत स्टेशन के आरपीएफ थाना सहित दिल्ली मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) कार्यालय में कंट्रोल कक्ष बनाया जाएगा।
जिले के सोनीपत, राठधना व गन्नौर स्टेशन पर दो चरणों में सीसीटीवी लगाए जाने का निर्णय लिया गया है। पहले चरण में सोनीपत स्टेशन पर 26 और सीसीटीवी लगाए जाएंगे, जबकि भवन निर्माण के चलते एक वर्ष पहले उतारे गए 24 सीसीटीवी को भी दोबारा लगाया जाएगा। भवन निर्माण का कार्य पूर्ण होने पर सीसीटीवी लगाने का काम शुरू किया जाएगा।
राठधना-गन्नौर में दूसरे चरण में होगा काम
सोनीपत स्टेशन से रोजाना करीब 40 हजार यात्री दिल्ली व अंबाला रूट पर आवागमन करते हैं। सीसीटीवी लगने से रेलवे प्रशासन सहित आरपीएफ व जीआरपी को भी आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने में फायदा मिलेगा। यह कार्य रेलटेल कंपनी की ओर से करवाया जाएगा। दिल्ली की इंटेक इंफोटेक प्रा.लि. कंपनी सीसीटीवी लगाएगी। दूसरे चरण में राठधना व गन्नौर स्टेशन पर करीब 10-10 सीसीटीवी लगवाए जाएंगे। इनके अलावा सोनीपत के साथ लगते हरसाना कलां, सांदल कलां, राजलू गढ़ी व भोड़वाल माजरी स्टेशन पर भी करीब 10-10 सीसीटीवी लगाने की योजना विचार किया गया है। फिलहाल इसे उच्चाधिकारियों से मंजूरी नहीं मिली है।
अमृत भारत स्टेशन परियोजना के तहत सोनीपत स्टेशन पर चल रहे निर्माणाधीन भवन का कार्य पूर्ण होने वाला है। इसके बाद परिसर में सीसीटीवी लगवाए जाएंगे। आसपास के रेलवे स्टेशन परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए भी सीसीटीवी लगाने की योजना तैयार की जा रही है।
- पुष्पेश रमण त्रिपाठी, रेल प्रबंधक, दिल्ली मंडल