खरखौदा। केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की टीम ने ऑनलाइन बच्चों को बेचने के मामले का भंडाफोड़ किया तो उसके तार खरखौदा से भी जुड़ गए हैं। सीबीआई की टीम ने मामले में खरखौदा के वार्ड-12 के 25 वर्षीय नीरज को गिरफ्तार किया है। टीम ने युवक का रिकॉर्ड भी खंगाला है। टीम ने खरखौदा स्थित युवक के घर आकर ना केवल उसके बैंक खाते की डिटेल ली है बल्कि उसके दस्तावेजों को भी टीम ने अपने कब्जे में लिया है।
शुक्रवार को केंद्रीय जांच ब्यूरो ने बच्चों की खरीद-फरोख्त करने वाले एक गिरोह के सदस्यों को पकड़ा था। इसमें दिल्ली के साथ ही हरियाणा में भी छापा डाला गया। टीम ने तीन नवजात बच्चों को बरामद किया था। कुछ महिलाओं के साथ ही अन्य लोगों को भी पकड़ा था। वह बच्चों के माता पिता या फिर सरोगेट मां से बच्चों को खरीदते थे और फिर उन्हें निसंतान माता-पिता का बेचने के लिए ऑनलाइन डील करते थे। इस मामले के तार उस दौरान खरखौदा से जुड़ गए जब सीबीआई की एक जांच टीम खरखौदा पहुंची और शहर के वार्ड 12 के निवासी नीरज के घर दस्तक दी। टीम की तरफ से युवक के रिकॉर्ड को खंगाला है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि मामले में जिस युवक नीरज का नाम है, वह कोई काम धंधा नहीं करता था। अक्सर बाइक पर घूमता रहता था। हालांकि लोगों ने ज्यादा जानकारी नहीं दी। स्थानीय पुलिस ने इस संबंध में सीबीआई की तरफ से कोई मदद नहीं मांगने की बात कही है।