हर फर्जीवाड़े में जुड़ जाता है सोनीपत का नाम
महत्वपूर्ण परीक्षाओं में फर्जीवाड़े में सोनीपत के युवकों के नाम पहले भी जुड़े हैं। पेपर सॉल्वर गैंग हो या पेपर लीक से जुड़ा मामला, यूपी में एसएससी का पेपर हो या फिर एआईपीएमटी और हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) के लेवल-3 का पत्र लीक का मामला इन सभी के तार कहीं न कहीं सोनीपत से जुड़े मिले थे। यूटी में एएसआई भर्ती की लिखित परीक्षा में फर्जी उम्मीदवार भी सोनीपत का पकड़ा गया था। साथ ही बिचौलिया भी सोनीपत का ही था।
सोनीपत में कब-कब आए मामले
-अगस्त, 2023 में यूटी पुलिस में एएसआई की भर्ती में सोनीपत के गांव बजाना का सतीश पकड़ा गया था। सतीश की गिरफ्तारी पर चंडीगढ़ पुलिस को पता लगा कि वह बिचौलिया गांव के ही दलबीर के माध्यम से आशीष का पेपर देने को तैयार हुआ था।
-17 जुलाई, 2021 को पानीपत में दर्ज मामले में पेपर सॉल्वर गैंग से पर्दा उठा था। इसमें कई युवा पकड़े थे।
-15 दिसंबर, 2021 को पेपर सॉल्वर गैंग के गांव शामडी के रोबिन को पकड़ा था। मामले में पता लगा था कि 14 परीक्षाओं के पेपर गैंग अपनी लैब में परीक्षा केंद्र बनवाकर उन्हें हल कराता था। पुलिस का दावा था कि वह वर्ष 2013 से गैंग से जुड़ा था। उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख का इनाम रखा गया था। वह उस समय दिल्ली पुलिस में सिपाही था।
-27 अगस्त, 2019 को भर्ती बोर्ड के चेयरमैन व सीआरपीएफ चंडीगढ़ के द्वितीय कमांडेंट ने राई थाना में शिकायत दी थी कि ग्रुप केंद्र खेवड़ा में सीआरपीएफ सिपाही भर्ती के लिए लिखित परीक्षा में कई अभ्यार्थियों ने दूसरे से परीक्षा दिलवाई थी। बाद में वह फिजिकल देने खुद आ गए थे। इस मामले में प्रदेशभर के 20 से अधिक युवक गिरफ्तार हुए।
-14 नवंबर, 2015 को जींद में एचटेट परीक्षा का पेपर लीक होने के मामले में सोनीपत के कई लोगों के नाम सामने आए थे। इसमें कई गिरफ्तारी भी हुई थी। पेपर की आंसर-की मिलने के बाद परीक्षा को रद्द कर दिया गया था।
-एचटेट से पहले यूपी में नवंबर, 2014 में एसएससी की परीक्षा लीक होने के मामले में भी सोनीपत के राहुल का नाम सामने आया है। आरोप था कि वह पहले दिल्ली के अरविंद के गिरोह में काम करता था। अरविंद के जेल जाने के बाद राहुल ने कमान संभाल ली थी।
ये भी पढ़ें: Haryana: नेट परीक्षा के फर्जी पेपर देकर ठगी, ACP बोले- लीक नहीं हुआ एग्जाम; दो आरोपी गिरफ्तार