कोरोना संक्रमण के केस लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ऐसे में सोनीपत रेलवे जंक्शन समेत जिले के सभी स्टेशनों पर प्लेेटफार्म टिकट बंद कर दिया है। ताकि रेलवे स्टेशनों पर बेवजह लोग एकत्रित ना हो। रेलवे के दिल्ली मंडल की ओर से आदेश जारी होने के बाद मंगलवार को किसी भी स्टेशनों पर प्लेटफार्म टिकट की बिक्री नहीं हुई।
सोनीपत रेलवे जंक्शन पर एक माह में करीब 300 प्लेटफार्म टिकट बिक जाते थे। यात्रियों की सुविधा के लिए पैसेंजर व एक्सप्रेस ट्रेनों का आवागमन होता रहेगा, लेकिन रेलवे जंक्शन पर यात्रियों को छोड़ने के लिए आने वाले लोगों को अब प्लेटफार्म टिकट नहीं मिलेगा। पहले यह टिकट 30 रुपये में मिलता था। स्टेशनों पर लोगों की भीड़ कम करने के उद्देश्य ने दिल्ली मंडल के अफसरों ने प्लेटफार्म टिकट की बिक्री पर रोक लगाई है। सोनीपत रेलवे जंक्शन पर आठ पैसेंजर ट्रेन व अन्य एक्सप्रेस का संचालन हो रहा है। ऐसे में यहां पर रोजाना 500 से ज्यादा अनारक्षित टिकटें बिक रही हैं। बाकी एक्सप्रेस में सफर करने के लिए एक दिन पहले रिजर्वेशन कराना पड़ता है। जिस तरह से हरियाणा के अलावा अन्य प्रदेशों में कोरोना के केस लगातार बढ़ रहे है, उसको देखते हुए रेलवे जंक्शन पर यात्रियों की भीड़ कम हो गई है।
वर्जन
दिल्ली मंडल की ओर से आदेश जारी होने पर प्लेटफार्म टिकट की बिक्री बंद कर दी गई है। मंगलवार को किसी भी व्यक्ति को प्लेटफार्म टिकट नहीं दिया गया है। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामले को देखते हुए रेलवे उच्चाधिकारियों ने प्लेटफार्म टिकट की बिक्री बंद करने का निर्णय लिया है।
-गजेंद्र सिंह, स्टेशन अधीक्षक