सोनीपत। खरखौदा नगरपालिका सचिव की शिकायत पर पुलिस ने अवैध कब्जा करने के आरोप में एक महिला सहित पांच लोगों पर विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। सचिव की तरफ से आरोप लगाया गया था कि शहर के दिल्ली चौक के पास स्थित सब्जी मंडी के साथ लगती नगरपालिका की जमीन पर अवैध कब्जा किया जा रहा है। नगरपालिका सचिव पवित्र कुमार ने थाने में शिकायत दी थी कि दिल्ली चौक के पास स्थित सब्जी मंडी के साथ लगती नगरपालिका की जमीन पर अवैध रूप कब्जा किया जा रहा है, वहीं जब उनके कर्मचारी अवैध कब्जे को रोकने के लिए गए तो ना केवल उनके साथ गलत व्यवहार किया गया बल्कि दोबारा से आने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। शिकायत पर पुलिस की तरफ से नगरपालिका का संबंधित जमीन पर मालिकाना हक पुख्ता करने वाले कागजात की मांग की थी। जिस पर नगरपालिका द्वारा अपना रिकार्ड प्रस्तुत किया गया। जिसके आधार पर अब पुलिस ने एक महिला सहित उसके परिवार के ही पांच सदस्यों पर सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने, सरकारी काम में बाधा डालने व जान से मारने की धमकी देने पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।