गन्नौर। जीटी रोड स्थित एक निजी स्कूल में एक छात्र के घायल होने के मामले में पुलिस ने पिटाई का मुकदमा दर्ज किया है। छात्र की मां ने हॉस्टल वार्डन पर बेटे की पिटाई करने का आरोप लगाया है। मां के बयान पर हॉस्टल वार्डन के साथ ही इंचार्ज व हॉस्टल मालिक के खिलाफ थाना गन्नौर में मुकदमा दर्ज किया गया है।
करनाल के इंद्री की रहने वाली समता ने पुलिस को बताया कि उसका बेटा युवराज (13) गन्नौर जीटी रोड स्थित एक निजी स्कूल में सातवीं कक्षा में पढ़ता है और स्कूल के ही हॉस्टल में रहता है। वह कुछ दिनों से हॉस्टल वार्डन चेतन के पास फोन कर बेटे से बात कराने को कह रही थी, लेकिन उसे टाला जाता रहा। 16 अक्तूबर को वह बेटे से मिलने हॉस्टल आई। वह घायल अवस्था में कमरे में मिला था। उन्होंने तुरंत उसे गन्नौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दाखिल कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद वह बेटे को करनाल ले गई थी। इसके बाद उन्होंने युवराज को करनाल के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां वह आईसीयू में है। जांच रिपोर्ट में उसके बेटे की सिर की हड्डी टूटी हुई मिली। इंटरनल ब्लीडिंग भी मिली। समता का आरोप है कि हॉस्टल स्टाफ की तरफ से उसके बेटे के इलाज में कोताही बरती गई है। बेटे को जान से मारने की कोशिश की गई है। बेटे को जातिसूचक शब्द कह कर भी परेशान किया जाता था। थाना गन्नौर पुलिस ने समता की शिकायत पर हास्टल वॉर्डन चेतन, इंचार्ज व हॉस्टल मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।