सोनीपत। गांव बैंयापुर में गैंगस्टर रामकरण के घर की दूसरी बार हुई तलाशी में पुलिस ने 90 कारतूस बरामद करने के बाद उसके साथ ही उसके दो भाइयों पर भी अवैध शस्त्र अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि हथियार बरामद करने के दौरान की गई जांच में सामने आया कि गैंगस्टर के दोनों भाई भी उसके साथ रहते थे। ऐसे में उन्हें भी अवैध शस्त्र अधिनियम के मामले में आरोपी बनाया गया है। पुलिस गैंगस्टर, उसके भाइयों व साथियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
कोर्ट कॉम्पलेक्स चौकी प्रभारी सुरेंद्र ने सदर थाना पुलिस को शिकायत दी है कि वीरवार को रोहतक की सुनारिया जेल से पेशी के लिए लाए गए अजय उर्फ बिट्टू बरोणा को कैदी वाहन में रोहतक के सिपाही महेश कुमार ने तीन गोली मार दी थी। उसे काबू कर लिया गया था। उसने पूछताछ में बताया था कि वारदात रामकरण बैंयापुर के कहने पर अंजाम दी थी। पुलिस ने शुक्रवार की रात को सीजेएम सौरभ गुप्ता की कोर्ट से सर्च वारंट लेकर तहसीलदार मनोज अहलावत को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त कर तलाशी ली तो 606 कारतूस, टूटा रिवाल्वर व राइफल बरामद हुई थी। जिसमें रामकरण को आरोपी बनाया था। सर्च अभियान पूरा नहीं होने पर शनिवार को फिर से अभियान चलाकर नकदी, आभूषण, लग्जरी गाड़ियां व सामान बरामद किया था। पुलिस ने 90 कारतूस और बरामद किए थे। ग्राउंड फ्लोर के कमरे से 12 बोर के 40, 32 बोर के 45 व 7.62 बोर के 5 कारतूस मिले थे। इसके साथ ही 7.62 बोर के तीन खोल भी मिले थे। मकान में गैंगस्टर रामकरण, उसका भाई जसबीर व नरेश रहते थे। पुलिस ने मामले में तीनों के खिलाफ अवैध शस्त्र अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस टीम गैंगस्टर रामकरण, उसके भाइयों व साथियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। पुलिस ने सिटी, सदर, सीआईए-1, सीआईए-2 समेत अन्य टीमों को गिरफ्तारी के लिए लगाया गया है।
वर्जन
गैंगस्टर के घर दूसरे दिन तलाशी में 90 कारतूस मिले हैं। जिस पर गैंगस्टर के साथ ही उसके साथ रहने वाले दो भाइयों को भी आरोपी बनाया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है।
- देवेंद्र सिंह, थाना प्रभारी, सिटी सोनीपत।