खरखौदा। दिल्ली के औचंदी स्थित पावर ग्रिड में नौकरी करने वाले कारपेंटर के साथ ड्यूटी पर जाने के दौरान लूट हो गई, शोर मचाने पर भाग रहे तीन लुटेरों को श्रमिकों ने दबोचने का प्रयास किया और एक युवक को पकड़कर सैदपुर चौकी पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज क जांच शुरू कर दी है।
उत्तर प्रदेश के जिला औरैया के गांव महसौली फिलहाल किरायेदार फिरोजपुर बांगर निवासी पिंटू ने बताया कि वह औचंदी स्थित पावर ग्रिड में कारपेंटर पद पर नौकरी करते हैं। वह ड्यूटी पर पैदल जाते समय मोबाइल पर बात कर रहे थे। बाइक पर आए तीन युवकों ने उनका मोबाइल छीना और भागने लगे। ऐसे में उसने शोर मचा दिया, आवाज सुनकर कुछ आगे पैदल चल रहे श्रमिकों ने लुटेरों को पकड़ने का प्रयास किया, उन्होंने एक युवक को बाइक सहित पकड़ लिया, लेकिन दो अन्य युवक भाग गए। पकड़े गए युवक ने अपनी पहचान दिल्ली के कुतुबगढ़ निवासी मोनू के रूप में दी। भागने वालों में गांव का ही सुंदर व उसका भांजा है। पिंटू का कहना है कि उसके मोबाइल कवर में एक हजार रुपये भी थे, सूचना पाकर पहुंची सैदपुर चौकी पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।