सोनीपत। मुरथल स्थित बीकानेर होटल की पार्किंग में दिनदहाड़े नोएडा के एक कारोबारी की ऑडी कार से करीब 1.17 लाख रुपये का सामान चोरी हो गया। यह पूरी वारदात होटल के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। फुटेज में दो युवक बाइक पर आकर कुछ ही सेकंड में चोरी को अंजाम देते दिखे।नोएडा के सेक्टर-121 निवासी हेमंत गुप्ता ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। वह वीरवार सुबह अपनी ऑडी कार से करनाल जा रहे थे। रास्ते में नाश्ता करने के लिए उन्होंने जीटी रोड स्थित बीकानेर होटल की पार्किंग में कार खड़ी की। कुछ देर बाद लौटने पर कार की खिड़की का शीशा टूटा मिला। कार से लैपटॉप, चार्जर, पावर बैंक, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड और करीब 15 हजार रुपये नकद सहित बैग गायब था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद