सोनीपत के भिगान टोल प्लाजा पर मोबाइल टूटने पर विरोध जता रही पीड़िता। स्रोत : वीडियो ग्रैब
गन्नौर (सोनीपत)। नेशनल हाईवे-44 पर स्थित भिगान टोल प्लाजा पर कार्यरत महिला कर्मी के साथ कार सवार ने अभद्रता की। पीड़िता जब आरोपी को फास्टैग नहीं चलने की बात कहने लगी तो मोबाइल फोन छीनकर उसके मुंह पर दे मारा। इससे मोबाइल फोन टूट गया। साथ ही आरोप है कि जब वह बूथ के बाहर आकर विरोध किया तो उसके मुंह पर मुक्का मार दिया। इससे चश्मा टूटकर आंख के नीचे चोट लग गई। पुलिस ने मामले में युवती के बयान पर विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मुरथल थाना पुलिस को दी शिकायत में पूजा ने बताया कि भिगान टोल प्लाजा बूथ पर कार्यरत हैं। वह दिल्ली से पानीपत की तरफ लाइन नंबर-20 में ड्यूटी दे रहीं थीं। वीरवार दोपहर करीब डेढ़ बजे दिल्ली नंबर की एक कार लेन से गुजरने लगी। इसका फास्टैग ब्लैकलिस्ट था। उन्होंने चालक को कहा कि सर फास्टैग में बैलेंस नहीं है। इस पर चाालक ने कहा कि आपके सिस्टम में कमी है। जब उसने कहा कि सर और गाड़ी भी तो निकल रही हैं। जिस पर चालक बहस करने लगा। दो बार जांच करने पर भी फास्टैग नहीं चला। कार पर लगे तीन फास्टैग में से दो ब्लैकलिस्ट और एक हॉटलिस्ट मिला। जब उन्होंने अपने मोबाइल में जांच कर दिखाया तो चालक ने उन्हें अनपढ़ कहते हुए मोबाइल फेंककर उनके मुंह पर मारा। जिससे मोबाइल फोन टूट गया। जब उन्होंने बूथ से बाहर आकर विरोध जताया तो चालक ने सीट पर बैठे हुए उनके मुंह पर मुक्का मार दिया। इससे उनका चश्मा टूट गया और शीश आंख के नीचे लगा। वह अपशब्द कहने लगा और मारने के धमकी दी। इस पर अन्य कर्मी आ गए। वह समझाने पर भी नहीं माना। यहां तक की उसकी कार में बैठे बुजुर्ग ने भी उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह किसी की सुनने को तैयार नहीं था। जब उसे लेन से गाड़ी हटाने को कहा तो उसने गाड़ी भी नहीं हटाई। उसने काफी देर तक मार्ग पर लेन को बंद रखा।
पीड़िता ने मेडिकल कराकर मामले की शिकायत पुलिस को दी है। मुरथल थाना पुलिस ने पिटाई करने, अभद्रता, नुकसान पहुंचाने, मार्ग को बाधित करने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वर्जन
मामले को लेकर महिला टोलकर्मी की शिकायत मिली थी। इस पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में गहनता से जांच की जा रही है। जांच कर ठोस कार्रवाई की जाएगी।
- जसपाल सिंह, थाना प्रभारी, मुरथल