खरखौदा (सोनीपत)। गांव हलालपुर के पास बदमाश पिस्तौल अड़ाकर उबर कैब के चालक से कार लूट ले गए। बदमाशों ने गाड़ी को ओपी जिंदल विवि के पास से दिल्ली में नजफगढ़ जाने के लिए बुक किया था। पुलिस ने टैक्सी चालक के बयान पर लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव बिंधरौली निवासी नवीन ने पुलिस को बताया कि वह अपनी वैगन-आर कार को उबर कंपनी की तरफ से टैक्सी में चलाता है। वीरवार तड़के साढ़े चार बजे जब वह घर से निकला तो उबर कंपनी की तरफ से उसे ओपी जिंदल विश्वविद्यालय के गेट नंबर 2 से नजफगढ़ तक की बुकिंग का मैसेज मिला, जिस पर वह कार लेकर विवि के दूसरे गेट पर पहुंच गया। वहां पर उसे चार युवक मिले। वे नजफगढ़ जाने के लिए कार में सवार हो गए। वह उन्हें दिल्ली की तरफ लेकर चल दिया। इसी बीच कार में सवार युवकों ने कहा कि कार को हलालपुर की तरफ से लेकर चलना। उनका एक अन्य साथी रास्ते में खड़ा है और उन्हें उसे भी लेकर जाना है। जिस पर वह कार को उसी रास्ते में लेकर चलने लगा। नवीन का कहना है कि जब वह हलालपुर-फिरोजपुर बांगर मार्ग पर करीब एक किलोमीटर चला तो गाड़ी में बैठे युवकों ने लघुशंका के लिए कार रुकवा ली, जब युवक दोबारा कार में बैठे तो उन्होंने उस पर पिस्तौल तान दी। उन्होंने उसे कार से उतार दिया। जिसके बाद युवक उसकी कार को लूटकर भाग गए। नवीन का कहना है कि उसकी कार के कागजात, ड्राइविंग लाइसेंस, पेन कार्ड, आधार कार्ड भी कार में ही थे। जिसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने क्षेत्र में नाकाबंदी की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस जांच में सामने आया कि लूटी गई कार में जीपीएस नहीं था। चालक के मोबाइल से ही उबर कंपनी गाड़ी को ऑपरेट करती थी। वहीं लूट के दौरान मोबाइल गाड़ी में ही था, उसकी लोकेशन कुंडली के पास आ रही है। जिससे पुलिस को अंदेशा है कि लुटेरों ने फोन को कहीं पर फेंक दिया है।
बदमाशों का जल्द पता लगाया जाएगा
टैक्सी लूट का मामला सामने आया है। मामला दर्ज कर लिया गया है। युवकों का पता लगाने के लिए ओपी जिंदल विश्वविद्यालय के गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच की जा रही है। उबर कंपनी से भी बुकिंग करने वालों का फोन नंबर व अन्य रिकॉर्ड मांगा गया है। जल्द बदमाशों का पता लगाया जाएगा।
संजय कुमार, चौकी प्रभारी, सैदपुर।