सोनीपत के धनाना गांव में हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार। संवाद
गोहाना। गांव धनाना में लाखन माजरा संपर्क रोड पर कार के सामने आई नीलगाय को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराकर खेत में उतर गई। हादसे में कार ग सवार तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई। बरोदा थाना पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोहाना के नागरिक अस्पताल भिजवाए।
गांव धनाना निवासी शमशेर (55) खेती बाड़ी करते थे। उनके भाई रणबीर सिंह गांव मोई माजरी में शादीशुदा हैं। मोई माजरी से उनका साला राज (39) रविवार को गांव धनाना आए थे। राज के साथ उनके रिश्तेदार रोहतक में गांव चिड़ी निवासी सुरेंद्र (27) भी आए थे। राज एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में कार चलाते हैं। शमशेर, राज व सुरेंद्र कार में सवार होकर धनाना से गांव चिड़ी जाने के लिए रविवार रात 12 बजे निकले थे। कार को राज चला रहे थे।
वह जब गांव धनाना से लाखन माजरा संपर्क सड़क पर लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर गए तो अचानक उनकी कार के सामने नीलगाय आ गई। नीलगाय को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित हो गई। कार सड़क किनारे पेड़ से टकराकर खेत में उतर गई। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। एक राहगीर ने हादसे की जानकारी गांव धनाना के सरपंच के पास फोन कर दी। इसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सूचना पर पहुंची बरोदा थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शवों को नागरिक अस्पताल गोहाना भिजवाया। सोमवार को शवों का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया।
वर्जन
गांव धनाना के पास कार के सामने नीलगाय आने से अनियंत्रित हुई कार पेड़ से टकरा गई थी। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हुई है। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है।
लाल सिंह, प्रभारी, सदर थाना, गोहाना