फोटो नंबर-06सड़क पर खड़ी दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी।
नारनौल। नेशनल हाईवे नंबर 11 पर वीरवार रात गांव मिर्जापुर बाछोद के फ्लाईओवर पर सड़क हादसे में दो व्यापारियों समेत पांच लोग घायल हो गए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया।
जहां चिकित्सकों ने व्यापारियों को मृत घोषित कर दिया। नारनौल के मोहल्ला पुरानी सराय निवासी व्यापारी पंकज लखेरा और व्यापारी मोहल्ला चांदुवाडा निवासी अरविंद उर्फ लाला लखेरा सोनीपत किसी शादी समारोह में गए थे।
समारोह से वे कार से नारनौल आ रहे थे। करीब 45 वर्षीय पंकज कार चला रहा था। रात करीब 3 बजे पंकज को झपकी लग गई। इसके चलते गाड़ी फ्लाई ओवर के डिवाइडर से टकरा गई। इससे कार चला रहे पंकज के अलावा पीछे बैठे अरविंद की मौत हो गई।
हादसे में पंकज का 17 वर्षीय बेटा लव कुमार उर्फ लकी, प्रवीण और एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने हादसे की जानकारी डायल 112 को दी।
इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से सभी को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर डॉक्टर ने पंकज और अरविंद को मृत घोषित कर दिया, जबकि लकी, प्रवीण व बुजुर्ग को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। घायलों के परिजन उपचार के लिए जयपुर ले गए हैं।