संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। खनन विभाग और अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त टास्क फोर्स टीम ने मंगलवार रात अहमदपुर माजरा, गोहाना व जीटी रोड पर अभियान चलाकर वाहनों की जांच की। अवैध खनन पर सख्त नियंत्रण बनाए रखने के लिए निरंतर अभियान चलाया जा रहा है।
जिला खनन अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि सरकार का मुख्य उद्देश्य खनन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाना और अवैध खनन को समाप्त करना है। जांच के दौरान किसी भी स्थान पर अवैध खनन की गतिविधि नहीं पाई गई। यदि कहीं भी नियमों का उल्लंघन होता है तो तुरंत कार्रवाई की जाएगी। खनन विभाग की टीम राष्ट्रीय राजमार्गों, राज्य मार्गों और अन्य प्रमुख रास्तों पर सक्रिय रूप से तैनात है। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर अवैध खनन की संभावना अधिक है वहां पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। अवैध खनन किसी भी हालत में स्वीकार नहीं होगा और इसमें संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।