सोनीपत। त्योहारी सीजन में खरीदारी के लिए बाजारों में भीड़ उमड़ने लगी है। सामान्य दिनों में बाजारों में अव्यवस्था के कारण ट्रैफिक जाम लगा रहता था, अब बाजारों में सामान्य दिनों की अपेक्षा दो से ढाई गुना भीड़ उमड़ रही है। इससे आम आदमी का पैदल चलना भी दूभर हो गया। शहर की सबसे बड़ी समस्या पार्किंग का न होना है। पार्किंग न होने के कारण बाजार में जाम आम हो चुका है। इसकी वजह से व्यापारी व दुकानदार वर्ग से लेकर खरीदारी करने के लिए पहुंच रहे लोग भी परेशान है। निगम प्रशासन पार्किंग की बेहतर व्यवस्था करने में नाकाम रहा है।
शहर में जहां चौड़ी सड़कें हैं वहां भी अतिक्रमण के कारण आवाजाही में दिक्कत हो रही है। बाजारों में अतिक्रमण न हटने और पार्किंग की बेहतर व्यवस्था न होने से कारोबारियों के अलावा ग्राहक भी परेशान हैं। व्यवसायियों का कहना है कि दिवाली त्योहार के पहले बाजार की व्यवस्था बेहतर बनाने पर्याप्त समय है। अतिक्रमण और पार्किंग व्यवस्था बदहाल होने से व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। बाजारों में अतिक्रमण इतना हो चुका है कि छोटे वाहन खड़े करना भी मुश्किल हो गया है।
शहर में कच्चे क्वार्टर, एटलस रोड, पुराने रोहतक रोड, गुड़ मंडी व बस स्टैंड क्षेत्र में प्रमुख बाजार हैं। यहां खरीदारी के लिए आने वाले लोगों के लिए पार्किंग व्यवस्था नहीं है। ऐसे में हर दिन वाहन चालकों और पुलिस के बीच खींचतान रहती है। प्रशासन की अनदेखी के कारण लोग मार्गों पर अपने वाहनों को खड़ा कर रहे हैं। शहर के अंदर मल्टी स्टोरी पार्किंग की मांग सालों से है। अभी वह सिरे नहीं चढ़ पाई है। कपड़ा मार्केट के पास छोटी पार्किंग बनाई गई, लेकिन वहां जगह कम होने और उसके मुख्य मार्केट से दूर होने के चलते उसका फायदा भी नहीं मिल पा रहा है।
बैंकों व दुकानों के सामने दिनभर खड़े रहते हैं वाहन
पार्किंग की व्यवस्था न होने के कारण बैंकों व दुकानों के सामने ही वाहनों को खड़ा किया जा रहा है, इससे आवागमन करने में परेशानी होती है। लोगों का कहना है कि भवन मालिकों को इस प्रकार के भवन किराए पर देने के साथ ही पार्किंग की व्यवस्था करनी चाहिए ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न उठानी पड़े व आपराधिक गतिविधियों से भी बचा जा सके। वहीं, लोग शहर में पार्किंग की व्यवस्था न होने को जाम का कारण मान रहे हैं।
त्योहारी सीजन में शहर के बाजारों व प्रमुख मार्गों पर जाम लग रहा है। लगातार वाहनों की संख्या में इजाफा हो रहा है, लेकिन वाहनों को खड़ा करने के लिए पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। वाहन चालकों की सुविधा के लिए जल्द पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। इसके बाद लोगों को वाहन खड़ा करने के लिए परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
- डॉ. नरेश कुमार, संयुक्त आयुक्त नगर निगम